सिद्धार्थनगर में मामा के घर से नाबालिग अगवा: तीन आरोपियों पर केस दर्ज, मारपीट और जान से मारने की दी धमकी

सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र में मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रही नाबालिग को कथित तौर पर अगवा किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में बैजनाथ उर्फ गोलू, उसकी मां संगीता और राजेश शामिल हैं। परिजनों ने तीनों पर नाबालिग को अपने साथ ले जाने के अलावा मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
नाबालिग उस्का बाजार थाना क्षेत्र की रहने वाली है और सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के बभनी लगड़ी में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करती थी। परिवार के मुताबिक, बैजनाथ उर्फ गोलू नाबालिग की मां की बहन के जेठ का बेटा है। आरोप है कि वह पहले से नाबालिग को परेशान करता था और उसे भगाकर ले जाने की बात कहता था। 30 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे नाबालिग की मौसी घर पर अकेली थीं। इसी दौरान बैजनाथ उर्फ गोलू, संगीता और राजेश वहां पहुंचे और नाबालिग को अपने साथ ले गए।
सुरक्षा को लेकर परिजन चिंतित
नाबालिग के घर से ले जाए जाने की जानकारी मिलने पर उसकी मां ने अपनी बहन से फोन पर संपर्क किया। बेटी के बारे में पूछताछ करने पर आरोपियों की ओर से गाली-गलौज और मारपीट की धमकी देने का आरोप है। परिवार का कहना है कि पुलिस से शिकायत करने पर नाबालिग की लाश मिलने तक की धमकी दी गई। इसके बाद परिजनों को उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका हुई।
परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
परिवार को आशंका थी कि बैजनाथ नाबालिग के साथ गलत काम कर सकता है और उसकी जान को भी खतरा हो सकता है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सिद्धार्थनगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस अब नाबालिग के बारे में जानकारी जुटाने के साथ आरोपों की जांच कर रही है।











