सिद्धार्थनगर में खाना बनाते समय फटा सिलेंडर: विस्फोट से दहला इलाका, भरभराकर गिरी ईंट की दीवार

सिद्धार्थनगर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में आने वाले टेऊंवा ग्रांट के टोला मोहम्मद नगर दलित बस्ती एक घर में खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। एलपीजी सिलेंडर में हुए इस भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। धमाका इतना जोरदार था कि पक्के मकान की ईंट की दीवारें भरभराकर गिर गईं और चारों तरफ बिखर गईं। विस्फोट के बाद लगी भीषण आग की चपेट में आने से घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई हैं।
घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। राम दुलारे पुत्र सुकई के मकान की ऊपरी मंजिल पर उनकी बहू ज्ञानमती देवी खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। उन्होंने कपड़े से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग सिलेंडर तक पहुंच गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मोटे कपड़ों और पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सिलेंडर लगातार धधकता रहा। स्थिति बिगड़ती देख सभी लोग मकान से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए।
दूर तक सुनाई दी सिलेंडर फटने की आवाज
कुछ ही क्षण बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी। मकान की दीवारें ढह गईं और ईंटें चारों ओर बिखर गईं। आग की चपेट में आकर घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
किसी के घायल होने की सूचना नहीं
हादसे के समय परिवार के अधिकांश सदस्य मकान के निचले हिस्से में मौजूद थे, जबकि खाना ऊपरी मंजिल पर बन रहा था। इसी वजह से सिलेंडर विस्फोट के बावजूद कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। घटना के बाद काफी देर तक दलित बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।











