सिद्धार्थनगर में करंट लगने से बुजुर्ग की मौत: नीम के पेड़ से तोड़ रहे थे दातून, हाईटेंशन तार से टकराई लोहे की रॉड

सदर थाना क्षेत्र के बसौना चौराहे पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे बड़ा हादसा हो गया। चिल्हिया थाना क्षेत्र के केसारी टोला निवासी कमाल अहमद पुत्र रुआब अली नीम के पेड़ से दातून तोड़ रहे थे। इसके लिए वह लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर रहे थे। पेड़ के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। दातून तोड़ने के दौरान रॉड ऊपर से गुजर रहे तार के संपर्क में आ गई। तार से छूते ही रॉड में करंट दौड़ गया और कमाल अहमद उसकी चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद कमाल अहमद को तत्काल माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव को घर ले गए। फिलहाल शव घर पर रखा हुआ है और पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया है।
परिजनों के लौटने का इंतजार
परिजनों के मुताबिक कमाल अहमद की पत्नी इस समय रिश्तेदारों के यहां नेपाल गई हुई हैं। उनके दोनों बेटे मुंबई में रहते हैं। हादसे की सूचना पत्नी और दोनों बेटों को दे दी गई है। परिजन उनके लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पत्नी और दोनों बेटों के आने के बाद ही शव के पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई कराई जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईटेंशन लाइन के नीचे मौजूद पेड़ और बिजली तारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि पेड़ के ठीक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के कारण यहां हमेशा खतरा बना रहता है। उन्होंने बिजली विभाग से मौके की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और संभावित हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।











