प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश बनी जानलेवा: पोस्टमॉर्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि, ससुर और साले ने की थी पिटाई

सिद्धार्थनगर|1 घंटा पहले
पोस्टमॉर्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि, ससुर और साले ने की थी पिटाई

प्रेम विवाह की रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। ससुराल पहुंचे दामाद की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने हत्या की आशंका को बल दे दिया है। रिपोर्ट में गला दबाकर मौत होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने मृतक के ससुर और साले के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के नरहरपुर दल्लीजोत गांव निवासी रामसेवक यादव ने 24 जून को भवानीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके बेटे अनिल कुमार यादव ने भैंसहिया गांव निवासी महेश यादव की पुत्री उर्मिला देवी से प्रेम विवाह किया था। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। अनिल करीब 15 दिन पहले रोजी-रोजगार के सिलसिले में शहर गया था। इसी बीच 21 जून को साले की शादी होने पर ससुर महेश यादव ने फोन कर उसे ससुराल बुलाया था। आरोप है कि प्रेम विवाह से नाराज ससुर और साले ने मंगलवार रात मौका पाकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

इलाज से पहले रास्ते में तोड़ा दम

घटना के बाद अनिल की पत्नी उर्मिला ने अपने ससुर रामसेवक यादव को फोन कर सूचना दी। इसके बाद अनिल के भाई सुनील और संदीप उसे घर लेकर आए और एंबुलेंस से इलाज के लिए बस्ती ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर खोड़ारे थाना पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद भवानीगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर महेश यादव और कल्लू यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। खोड़ारे के एसओ कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि रिपोर्ट संबंधित थाने को भेज दी गई है। वहीं, भवानीगंज के एसओ विजय शंकर सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।