सिध्दार्थनगर में बाणगंगा में डूबे तीन दोस्त: 24 घंटे बाद बरामद हुए शव, अंतिम संस्कार में आए थे युवक

शोहरतगढ़ क्षेत्र के बैदौली घाट पर बाणगंगा नदी में डूबे तीन दोस्तों के शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिए गए। तीनों युवक गांव की एक महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। अंतिम संस्कार के बाद दो युवक नदी में स्नान करने उतरे और तेज बहाव में फंस गए। उन्हें बचाने के लिए तीसरे युवक ने नदी में छलांग लगा दी। लेकिन वह भी नदी की धाराओं की चपेट में आ गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट की है। जोगिया विकासखंड की ग्राम पंचायत माधवापुर के टोला मिझुनिया निवासी राम मुकुट की पत्नी कंचन का निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में गांव के शिवा चौहान, रवि वरुण और मोनू वरुण भी पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार अंतिम संस्कार के बाद शिवा और रवि स्नान के लिए नदी में उतरे। बारिश के कारण नदी में तेज बहाव था। लोगों ने उन्हें गहरे पानी में जाने से रोका, लेकिन कुछ ही देर में दोनों डूबने लगे। यह देख मोनू उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गया, मगर वह भी तेज धारा में बह गया।
गोताखोरों ने दूसरे दिन बरामद किए शव
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर शाम तक तलाश अभियान चला, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने पर अभियान रोक दिया गया। सुबह फिर से खोज शुरू की गई। तीनों के शव गोताखोरों के जाल में एक ही स्थान पर फंसे मिले। शव बाहर निकालते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
अधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना पर विधायक विनय वर्मा, एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव, नायब तहसीलदार माधुर्य यादव और थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि डूबे तीनों युवकों के शव बैदौली घाट से बरामद कर लिए गए हैं। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









