सिद्धार्थनगर में नाले में डूबने से दो बच्चों की मौत: खेलते-खेलते पानी में डूबे, गांव में पसरा मातम

खेसरहा थाना क्षेत्र स्थित मिरवापुर गांव में दर्दनाक हादसे में प्राथमिक विद्यालय के दो मासूम छात्रों की नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बच्चों को ग्रामीणों और परिजनों ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान आठ वर्षीय आयुष पुत्र बबुआ और पांच वर्षीय अनील पुत्र राम सजीवन के रूप में हुई है। दोनों प्राथमिक विद्यालय मिरवापुर के छात्र थे। बताया गया कि वे विद्यालय के पास बह रहे नाले के किनारे पहुंचे थे, जहां खेलते समय दोनों पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालकर बेलौहा बाजार के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा रेफर किया गया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार
घटना की सूचना मिलते ही खेसरहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद मिरवापुर गांव में गहरा शोक है। ग्रामीणों ने विद्यालय के पास खुले नाले के किनारे सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









