चारपाई से बांधकर पति को जिंदा जलाने की कोशिश: आरोपी पत्नी और प्रेमी पर केस दर्ज, युवक की हालत गंभीर

डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को चारपाई से बांधकर जिंदा जलाने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर बस्ती स्थित कैली अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर पत्नी और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेहरा गांव निवासी घम्मल प्रसाद गौतम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे लालजी गौतम (28) की पत्नी पूजा गौतम (26) का गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित बगही बारी गांव निवासी फिरोज़ पुत्र मुख्तार से प्रेम संबंध था। आरोप है कि फिरोज का लालजी के घर लगातार आना-जाना था। जिसको लेकर परिवार में पहले भी विवाद हो चुका था। शिकायत के मुताबिक गुरुवार रात करीब 10 बजे पूजा और फिरोज ने मिलकर लालजी को रस्सी से चारपाई पर बांध दिया। फिर उसके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी।
तोड़ा गया घर का फाटक
आग की लपटों में घिरे लालजी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया गया कि घटना के समय पिता घम्मल प्रसाद घर के बाहर सो रहे थे और उन्हें कम सुनाई देता है। इसी दौरान पड़ोस की एक महिला ने घर से धुआं उठता देखा और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने घर का फाटक तोड़कर अंदर प्रवेश किया। जहां लालजी गंभीर रूप से झुलसी हालत में मिला। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से उसे बेवा सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बस्ती के कैली अस्पताल रेफर कर दिया।
फॉरेंसिक टीम ने कलेक्ट किए एविडेंस
सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा और प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ जरूरी साक्ष्य भी एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि जिस मिट्टी के तेल का इस्तेमाल किया गया, वह पहले से घर में रखा हुआ था। प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पत्नी पूजा गौतम और उसके कथित प्रेमी फिरोज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।







