बंगाल में बोरी में मिला नर्सिंग छात्रा का शव: बाइक पर शव लादकर ठिकाने लगा रहा था, पुलिस ने बॉयफ्रेंड को किया अरेस्ट

पुरुलिया में नर्सिंग छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती के बॉयफ्रेंड को शव के साथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि हत्या के बाद उसने युवती का शव बोरी में रखा और उसे बाइक के पीछे बांधकर पहाड़ी इलाके में ठिकाने लगाने जा रहा था। बलरामपुर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बोरी पर खून के निशान दिखाई दिए। शक होने पर तलाशी ली गई तो बोरी के अंदर युवती की खून से लथपथ लाश मिली। पुलिस के शुरुआती अनुमान में गला काटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
युवती नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी और पुरुलिया शहर के एक हॉस्टल में रहती थी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह कोचिंग जाने के लिए मेस से निकली थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। युवती रोज शाम अपनी मां से फोन पर बात करती थी, लेकिन उस दिन फोन नहीं आने पर परिवार को चिंता हुई। परिजन ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार ने हॉस्टल मालिक से संपर्क किया और युवती की तलाश शुरू की। बाद में पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई।
बोरी पर खून के निशान देखकर पुलिस को हुआ शक
बलरामपुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के कार्यालय के पास पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर बोरी लेकर जा रहे अमित कुमार महतो पर पुलिस को शक हुआ। जांच के दौरान बोरी पर खून के निशान दिखाई दिए। पुलिस ने बोरी खुलवाई तो उसमें युवती का शव मिला। इसके बाद अमित को गिरफ्तार कर लिया गया। युवती के पिता के मुताबिक, शव से भरी बोरी मोबाइल फोन के चार्जर से बांधी गई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी शव को अयोध्या पहाड़ियों की तरफ ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही पकड़ लिया गया।
सुनसान जगह ले जाकर हत्या का शुरुआती अनुमान
पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक आरोपी युवती को किसी सुनसान स्थान पर ले गया था। वहां गला काटकर उसकी हत्या करने के बाद शव को बोरी में रखा गया। इसके बाद शव को बाइक से पहाड़ी इलाके की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है। हालांकि, घटना के पूरे कारण और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
दूसरे युवक से संबंध के शक में विवाद की बात
जानकारी के मुताबिक अमित और युवती लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। दोनों एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते थे। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में अमित को शक था कि युवती का किसी दूसरे युवक के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस हत्या के पीछे इस शक को भी एक संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
युवती के पिता ने हत्या से पहले उसके साथ रेप किए जाने का भी आरोप लगाया है। उनका दावा है कि अस्पताल से परिवार को इस संबंध में जानकारी मिली थी। हालांकि, पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। युवती के पिता ने बताया कि वे अमित को नहीं जानते थे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।










