राज्यसभा सदस्य कोयल मल्लिक ने दिया इस्तीफा: TMC के लिए एक और बड़ा झटका, दिल्ली में BJP नेता से की मुलाकात

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी राजनीतिक हलचल के बीच पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य और अभिनेत्री कोयल मल्लिक (रूक्मिणी मल्लिक) ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा।
सूत्रों के अनुसार, इस्तीफा देने के बाद कोयल मल्लिक ने केंद्रीय मंत्री और सीनियर भाजपा लीडर भूपेंद्र यादव से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। हालांकि, उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दो महीने में चौथा इस्तीफा
पिछले दो महीनों के भीतर तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा में यह चौथा इस्तीफा है। इससे पहले सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी राज्यसभा की सदस्यता छोड़ चुके हैं। बाद में तीनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
24 जुलाई को होगा उपचुनाव
भाजपा ने पार्टी में शामिल होने के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों नेताओं को राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया था। पश्चिम बंगाल विधानसभा में पार्टी के मौजूदा संख्या बल को देखते हुए 24 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में इन तीनों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।










