महिला टी20 विश्व कप: डेनी व्याट के तूफानी शतक से इंग्लैंड का विजयी आगाज, श्रीलंका को 87 रन से रौंदा

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप-2026 में इंग्लैंड ने शानदार शुरुआत करते हुए श्रीलंका को 87 रन के बड़े अंतर से पराजित कर दिया। खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन किया। अनुभवी बल्लेबाज डेनी व्याट के नाबाद शतक और फ्रेया केम्प की घातक गेंदबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज डेनी व्याट और एमी जोंस ने पहले विकेट के लिए 135 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। एमी जोंस ने 38 गेंदों पर 47 रन बनाए। जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके बाद कप्तान नेट शिवर-ब्रंट ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 22 गेंदों पर नाबाद 46 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। वहीं डेनी व्याट ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 62 गेंदों पर 105 रन की नाबाद पारी खेली। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
लक्ष्य के दबाव में बिखरी श्रीलंकाई टीम
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद टीम कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। कप्तान चमारी अट्टापट्टू भी सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। श्रीलंका की ओर से निलाक्षिका सिल्वा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। वहीं हर्षिता समराविक्रमा ने 29 और हंसिमा करुणारत्ने ने 11 रन का योगदान दिया।
केम्प की घातक गेंदबाजी
इंग्लैंड की गेंदबाज फ्रेया केम्प ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट झटके और श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनके अलावा चार्ली डीन और सोफी एक्लेस्टोन ने दो-दो विकेट हासिल किए। श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 132 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत करते हुए खिताब की दावेदारी भी पेश कर दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










