गिल-ईशान की रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी: भारत ने अफगानिस्तान को दिया 403 रन का लक्ष्य, खरोटे ने चटकाए 4 विकेट

इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने अफगानिस्तान के सामने 403 रन का विशाल लक्ष्य रख दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 49.5 ओवर में 402 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 154 रन बनाए। जबकि ईशान किशन ने विस्फोटक अंदाज में 125 रन की शतकीय पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 224 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। जिसने भारतीय पारी को मजबूत आधार प्रदान किया।
भारत की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल महज चार रन बनाकर मोहम्मद सलीम का शिकार हो गए। शुरुआती झटके के बाद कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। रोहित शर्मा आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। लेकिन अर्धशतक से दो रन पहले 48 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाए।
गिल और ईशान ने अफगान गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण पर पूरी तरह दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए तेजी से रन बटोरे। गिल ने 77 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। जबकि ईशान किशन ने 71 गेंदों में सेंचुरी जड़ दी। खास बात यह रही कि दोनों बल्लेबाजों ने एक ही ओवर में अपने-अपने शतक पूरे किए। ईशान किशन ने 79 गेंदों में 125 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 14 चौके और सात छक्के लगाए। वहीं कप्तान शुभमन गिल ने शानदार लय बरकरार रखते हुए 154 रन बनाए। उन्होंने 16 महीने बाद वनडे क्रिकेट में शतक लगाया। इसके बाद उसे बड़ी पारी में तब्दील कर दिया। गिल की पारी में चौकों और आकर्षक शॉट्स की भरमार देखने को मिली।
अंतिम ओवरों में गिरे विकेट
ईशान किशन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर ने 26 रन का उपयोगी योगदान दिया। हालांकि अफगानिस्तान के युवा स्पिनर नांगेलिया खरोटे ने लगातार विकेट निकालकर भारतीय टीम को अंतिम ओवरों में झटके दिए। उन्होंने पहले शुभमन गिल को 154 रन पर आउट किया। अगली ही गेंद पर केएल राहुल को गोल्डन डक का शिकार बनाया। बाद में श्रेयस अय्यर भी खरोटे की गेंद पर कैच आउट हो गए। गुरनूर बरार भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और राशिद खान की गुगली पर तीन रन बनाकर आउट हो गए। अंतिम ओवरों में लगातार विकेट गिरने के बावजूद भारतीय टीम 400 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रही।
अफगान गेंदबाजों में खरोटे और राशिद रहे सफल
अफगानिस्तान की ओर से नांगेलिया खरोटे सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। भारतीय बल्लेबाजों की तेज रनगति पर कुछ हद तक अंकुश लगाने का प्रयास किया। अनुभवी स्पिनर राशिद खान ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने अफगान गेंदबाज पूरे मैच में दबाव में नजर आए।
अब अफगानिस्तान के सामने बड़ी चुनौती
भारतीय टीम के 402 रन के विशाल स्कोर के बाद अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए 403 रन का कठिन लक्ष्य है। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जा रही इकाना की पिच पर अफगानिस्तान को मुकाबले में बने रहने के लिए शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाना होगा। वहीं भारतीय गेंदबाज इस बड़े स्कोर का बचाव कर सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। कप्तान शुभमन गिल और ईशान किशन की यादगार पारियों ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। अब निगाहें अफगानिस्तान की बल्लेबाजी पर टिकी हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










