टीम इंडिया को लगा बड़ा झटका: अफगानिस्तान वनडे सीरीज से हार्दिक पंड्या बाहर, फिटनेस टेस्ट के बाद फिर चोटिल

भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या एक बार फिर चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट पास करने के कुछ घंटों बाद ही उनकी जांघ की मांसपेशियों (हैमस्ट्रिंग) में खिंचाव आ गया। जिसके चलते वह 13 जून से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इस खबर ने टीम प्रबंधन के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता भी बढ़ा दी है।
हार्दिक पंड्या हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान पीठ में जकड़न की समस्या से जूझ रहे थे। इसी चोट से उबरने के बाद वह फिटनेस क्लियरेंस हासिल करने के लिए बेंगलुरु पहुंचे थे। शुरुआती मेडिकल और फिजिकल असेसमेंट में उन्हें फिट घोषित कर दिया गया था। लेकिन अंतिम चरण के टेस्ट के दौरान नई चोट सामने आ गई। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार अब उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए कम से कम तीन सप्ताह तक रिहैबिलिटेशन और रिकवरी प्रक्रिया से गुजरना होगा।
फिटनेस असेसमेंट के दौरान बढ़ा मांसपेशियों पर दबाव
जानकारी के मुताबिक फिटनेस मूल्यांकन के अंतिम चरण में हार्दिक ने अपनी मैच फिटनेस साबित करने के लिए पूरे 10 ओवर गेंदबाजी की। लंबे समय बाद लगातार गेंदबाजी करने के कारण उनकी हैमस्ट्रिंग पर अतिरिक्त दबाव पड़ा। जिससे मांसपेशियों में खिंचाव आ गया। मेडिकल टीम ने तत्काल उन्हें आराम की सलाह दी और चयनकर्ताओं को उनकी उपलब्धता पर पुनर्विचार करने की जानकारी दी। इसी के बाद उन्हें सीरीज से बाहर करने का फैसला लिया गया। मंगलवार को ही खबर सामने आई थी कि कप्तान रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या दोनों ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और जल्द टीम के साथ जुड़ेंगे। रोहित भी आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे। लेकिन वह पूरी तरह फिट पाए गए। दूसरी ओर हार्दिक की नई चोट ने टीम की योजनाओं को प्रभावित कर दिया है।
पहले से बाहर हैं विराट कोहली
भारतीय टीम को इससे पहले भी बड़ा झटका लग चुका है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पहले ही जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में अब हार्दिक की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के संतुलन को और प्रभावित कर सकती है।
13 जून को पहला मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। दूसरा मैच 17 जून को लखनऊ और तीसरा मुकाबला 20 जून को चेन्नई में होगा। लगातार चोटों से जूझ रहे प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में अब टीम प्रबंधन के सामने संतुलित संयोजन तैयार करने की चुनौती होगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









