मेसी के दो गोल से नॉकआउट में पहुंचा अर्जेंटीना: विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने, फ्रांस और नॉर्वे ने बनाई नॉकआउट में जगह

1 घंटा पहले
विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने, फ्रांस और नॉर्वे ने बनाई नॉकआउट में जगह

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। ऑस्ट्रिया के खिलाफ मुकाबले में दो गोल दागकर मेसी विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने पहले जर्मनी के पूर्व स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजा के 16 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा और फिर अपना 18वां गोल दागकर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया। मेसी की शानदार प्रदर्शन की बदौलत अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर राउंड ऑफ-32 में प्रवेश कर लिया।

डलास स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मेसी ने 39वें मिनट में गोल कर विश्व कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने क्लोजा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। अर्जेंटीना ने पूरे मुकाबले में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और ऑस्ट्रिया को ज्यादा मौके नहीं दिए। मैच के अंतिम क्षणों में मेसी ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई। इंजरी टाइम के 95वें मिनट में उन्होंने दूसरा गोल दागकर अर्जेंटीना की 2-0 की जीत सुनिश्चित कर दी। इस जीत के साथ मौजूदा विश्व चैंपियन टीम ने नॉकआउट चरण में अपना स्थान पक्का कर लिया।

शानदार फॉर्म में हैं अर्जेंटीना कप्तान

38 वर्षीय मेसी लगातार बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने पिछले मुकाबले में अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी। वहीं, ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागकर टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या पांच पहुंचा दी। इसी के साथ वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी सबसे आगे बने हुए हैं। उनके बाद जर्मनी के डेनिज उंडाव तीन गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। मेसी का यह प्रदर्शन एक बार फिर साबित करता है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी वह विश्व फुटबॉल के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।

मेसी के रिकॉर्ड के करीब पहुंचे एमबाप्पे

फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एमबाप्पे ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। इराक के खिलाफ मुकाबले में दो गोल दागकर उन्होंने विश्व कप इतिहास में सबसे अधिक बार किसी मैच में दो या उससे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड बना दिया। यह छठी बार है जब एमबाप्पे ने विश्व कप के एक मैच में दो या अधिक गोल किए हैं। इसी के साथ उनके विश्व कप गोलों की संख्या 16 पहुंच गई है। उन्होंने जर्मनी के महान स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोजा के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में वह संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे केवल लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम 18 गोल दर्ज हैं।

इराक पर फ्रांस की एकतरफा जीत

ग्रुप-आई के मुकाबले में फ्रांस ने इराक को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और लास्ट-32 में अपनी जगह पक्की कर ली। फिलाडेल्फिया में खराब मौसम के कारण मुकाबला करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुआ। लेकिन इससे फ्रांस के प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ा। टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और इराक को पूरे मैच में दबाव में रखा। फ्रांस के कप्तान किलियन एमबाप्पे ने अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला यादगार बना दिया। उन्होंने दो गोल दागे, जबकि तीसरा गोल उस्मान डेम्बेले ने किया। 14वें मिनट में माइकल ओलिस के शानदार पास पर एमबाप्पे ने बाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद इराकी डिफेंस की गलती का फायदा उठाते हुए उन्होंने दूसरा गोल भी दाग दिया। दूसरे हाफ में डेम्बेले ने भी गोल कर फ्रांस की जीत को सुनिश्चित कर दिया।

गोल्डन बूट की दौड़ में मेसी के पीछे

मौजूदा टूर्नामेंट में एमबाप्पे के चार गोल हो चुके हैं। वह गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी के पांच गोल से सिर्फ एक कदम पीछे हैं। वहीं विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक गोल के रिकॉर्ड से भी वह केवल दो गोल दूर हैं।

हालैंड के दम पर नॉर्वे भी अगले दौर में

ग्रुप-आई के दूसरे मुकाबले में नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और नॉकआउट चरण में जगह बना ली। न्यू जर्सी में खेले गए इस मुकाबले में नॉर्वे के लिए अर्लिंग हालैंड ने दो गोल किए और जीत के नायक बने। हालैंड टूर्नामेंट के पहले दो मैचों में चार गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूती से बने हुए हैं। नॉर्वे को शुरुआती बढ़त मार्कस पेडरसन ने दिलाई। वहीं, हालैंड ने दूसरे हाफ में दो गोल कर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। सेनेगल के इस्माइला सार ने दो गोल जरूर किए। लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। अब ग्रुप में शीर्ष स्थान तय करने के लिए फ्रांस और नॉर्वे आमने-सामने होंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।