मिचेल मार्श का तूफानी शतक, आरसीबी की हार: लखनऊ सुपर जायंट्स ने दर्ज की दमदार जीत, प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी

08 मई 2026
लखनऊ सुपर जायंट्स ने दर्ज की दमदार जीत, प्रिंस यादव की धारदार गेंदबाजी

लखनऊ सुपर जायंट्स ने आखिरकार हार का सिलसिला तोड़ दिया। लगातार छह मुकाबले गंवाने के बाद लखनऊ ने अपने घरेलू मैदान इकाना में आरसीबी को नौ रन से हराकर शानदार वापसी की। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे मिचेल मार्श, जिन्होंने तूफानी शतक लगाकर आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में मार्श की विस्फोटक बल्लेबाजी ने पहली बार इकाना स्टेडियम के दर्शकों को पूरी तरह झूमने का मौका दिया।

लखनऊ ने 19 ओवर में तीन विकेट खोकर 209 रन बनाए। बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम लागू हुआ और आरसीबी को 19 ओवर में 213 रन का टारगेट मिला। जवाब में बेंगलुरु की टीम 19 ओवर में छह विकेट पर 203 रन ही बना सकी। इस तरह एलएसजी ने मौजूदा सीजन की सिर्फ तीसरी जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि टीम ने लगभग एक महीने बाद जीत का स्वाद चखा। इससे पहले लखनऊ ने नौ अप्रैल को कोलकाता को हराया था।

मिचेल मार्श ने अकेले बदल दिया मैच का मूड

मिचेल मार्श शुरुआत से ही बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने आरसीबी के लगभग हर गेंदबाज पर हमला बोला। खासकर हेजलवुड के एक ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर उन्होंने मैच का पूरा मोमेंटम बदल दिया। मार्श ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी उनका हमला जारी रहा। उन्होंने 50 गेंदों पर 111 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान नौ चौके और आठ लंबे छक्के लगाए। लगातार दूसरे सीजन में आईपीएल शतक लगाने वाले मार्श ने आरसीबी के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। उनके साथ निकोलस पूरन ने भी तेज बल्लेबाजी की और 23 गेंदों पर 38 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत ने आखिर में सिर्फ 10 गेंदों में 32 रन ठोककर टीम को 200 के पार पहुंचाया।

विराट फिर फ्लॉप

213 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। विराट कोहली बिना खाता खोले आउट हो गए। प्रिंस यादव ने उन्हें बोल्ड कर दिया। इससे पहले जैकब बैथल भी सिर्फ चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान रजत और देवदत्त पडिक्कल ने पारी संभाली। दोनों ने 95 रन की साझेदारी कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। पाटीदार ने 31 गेंदों पर 61 रन की शानदार पारी खेली। वहीं पडिक्कल ने 34 रन बनाए। लेकिन लगातार विकेट गिरने से आरसीबी दबाव में आ गई।

आखिरी ओवर में पलटा मैच

मैच का सबसे बड़ा मोमेंट आखिरी ओवर साबित हुआ। आरसीबी को जीत के लिए अंतिम ओवर में 20 रन चाहिए थे। कप्तान ऋषभ पंत ने गेंद युवा स्पिनर दिग्वेश राठी को थमाई। राठी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 10 रन दिए। इस दौरान क्रुणाल पांड्या और रोमारियो शेफर्ड बड़े शॉट नहीं लगा सके। क्रुणाल 28 और शेफर्ड 23 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। लखनऊ के गेंदबाजों ने दबाव में शानदार वापसी की और मैच अपने नाम कर लिया।

बारिश ने तीन बार रोका खेल

यह मुकाबला बारिश से काफी प्रभावित रहा। मैच के दौरान तीन बार खेल रोकना पड़ा। पहली बार दूसरे ओवर में बारिश आई। इसके बाद नौवें और फिर 14वें ओवर के बाद खेल रुका। कुल मिलाकर करीब एक घंटा 25 मिनट मैच बाधित रहा। लगातार बारिश के कारण मुकाबला 20 की बजाय 19 ओवर का कर दिया गया। बारिश के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। खासकर मिशेल मार्श की विस्फोटक बल्लेबाजी ने स्टेडियम का माहौल पूरी तरह बदल दिया। यह जीत भले ही लखनऊ को प्लेऑफ की रेस में ज्यादा आगे न ले जाए, लेकिन टीम का आत्मविश्वास जरूर बढ़ाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।