राजस्थान रॉयल्स की दमदार जीत: गेंदबाजों के आगे लखनऊ ढेर, 40 रन से करारी हार

राजस्थान रॉयल्स ने शानदार वापसी की। टीम ने लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके ही घर में 40 रन से हरा दिया। लगातार दो हार के बाद यह जीत अहम रही। दूसरी ओर लखनऊ की हालत खराब दिखी। टीम को लगातार चौथी हार झेलनी पड़ी। मैच में राजस्थान के गेंदबाज पूरी तरह हावी रहे। उन्होंने लखनऊ की बल्लेबाजी को पूरी तरह तोड़ दिया।
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी की। टीम ने छह विकेट खोकर 159 रन बनाए। शुरुआत तेज रही लेकिन बीच में विकेट गिरते रहे। यशस्वी जायसवाल (22) और वैभव सूर्यवंशी (आठ) ने तेज शुरुआत दी। 2.4 ओवर में 32 रन जुड़ गए। इसके बाद मैच पलटा। मोहम्मद शमी ने लगातार दो विकेट लेकर राजस्थान को झटका दिया। उन्होंने जायसवाल और ध्रुव जुरेल को आउट किया। फिर मोहसिन खान ने सूर्यवंशी को चलता किया।
जडेजा ने संभाली पारी
टीम 62 रन पर चार विकेट गंवा चुकी थी। कप्तान रियान पराग भी 20 रन बनाकर आउट हुए। इस मुश्किल समय में रवींद्र जडेजा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने शिमरोन हेटमायर (22) के साथ साझेदारी की। धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई। हेटमायर के आउट होने के बाद जडेजा ने आक्रामक खेल दिखाया। खासकर मयंक यादव को निशाना बनाया। आखिरी ओवरों में तेजी से रन जोड़े। टीम को 159 तक पहुंचाया।
लखनऊ का टॉप आर्डर बुरी तरह फ्लाप
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। 11 रन पर तीन विकेट गिर गए। तीन बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। आयुष बडोनी रन आउट हुए। कप्तान ऋषभ पंत शून्य पर आउट हुए। एडेन मार्करम भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। टीम पूरी तरह दबाव में आ गई।
मार्श की नाकाम कोशिश
मुश्किल हालात में मिचेल मार्श ने पारी संभाली। उन्होंने 41 गेंदों पर 55 रन बनाए। निकोलस पूरन ने भी 22 रन का योगदान दिया। दोनों ने साझेदारी की कोशिश की। लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके। जडेजा ने पूरन को आउट कर लखनऊ की उम्मीद खत्म कर दी।
गेंदबाजों ने दिलाई जीत
राजस्थान के गेंदबाजों ने कमाल कर दिया। जोफ्रा आर्चर सबसे सफल रहे। उन्होंने तीन विकेट लिए। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट झटके। जडेजा और रवि बिश्नोई को भी एक-एक सफलता मिली। लखनऊ की पूरी टीम 119 रन पर सिमट गई।
मैच का टर्निंग पॉइंट
मैच का टर्निंग पॉइंट लखनऊ की शुरुआती बल्लेबाजी रही। टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा। तीन बल्लेबाज जीरो पर आउट हुए। इससे टीम उबर नहीं पाई। दूसरी ओर राजस्थान के गेंदबाजों ने लाइन-लेंथ शानदार रखी। लगातार दबाव बनाया। यही जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










