SRH vs RR एलिमिनेटर आज: छह मैचों से रॉयल्स पर भारी है हैदराबाद, 53 छक्के लगा चुके हैं सूर्यवंशी

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। बुधवार को खेले जाने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा। मैच की अहमियत इस बात से समझी जा सकती है कि हारने वाली टीम का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। विजेता टीम फाइनल की दौड़ में बनी रहेगी। दोनों टीमें विस्फोटक बल्लेबाजी और आक्रामक क्रिकेट के लिए जानी जाती हैं। ऐसे में दर्शकों को हाई स्कोरिंग और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
इस मुकाबले में सबसे ज्यादा नजरें राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी। शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव के पास आईपीएल इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। वह इस सीजन अब तक 53 छक्के लगा चुके हैं और यदि वह छह और सिक्स जड़ देते हैं तो क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्कों का रिकॉर्ड टूट जाएगा। गेल ने यह उपलब्धि 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए हासिल की थी। वैभव ने इस सीजन अपने आक्रामक खेल से सभी को प्रभावित किया है और वह राजस्थान के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं।
पावरप्ले में तय हो सकती है मुकाबले की दिशा
एलिमिनेटर मुकाबले में शुरुआती छह ओवर बेहद निर्णायक साबित हो सकते हैं। दोनों टीमों के पास विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी मौजूद है, जो कुछ ही ओवरों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती है। हैदराबाद की ओर से ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं आरआर के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल शानदार लय में नजर आ रहे हैं। हेड और अभिषेक की जोड़ी इस सीजन 690 रन जोड़ चुकी है। ट्रैविस हेड का स्ट्राइक रेट 168.66 और अभिषेक शर्मा का 206.22 रहा है, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को दर्शाता है। दूसरी ओर राजस्थान की युवा जोड़ी भी कम नहीं रही। वैभव सूर्यवंशी 232.27 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर रहे हैं, जबकि यशस्वी जायसवाल का स्ट्राइक रेट 159.43 है। ऐसे में पावरप्ले के दौरान गेंद और बल्ले की यह जंग मुकाबले की दिशा तय कर सकती है।
क्लासन के पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका
सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज हेनरिक क्लासन भी इस मैच में खास उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। क्लासन अब तक 14 मैचों में 606 रन बना चुके हैं और ऑरेंज कैप अपने नाम करने से केवल 32 रन दूर हैं। उनके अलावा ईशान किशन और अभिषेक शर्मा भी इस सीजन 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। गेंदबाजी विभाग में ईशान मलिंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 विकेट झटके हैं। वहीं राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 14 मैचों में 21 विकेट लेकर टीम की गेंदबाजी को मजबूती दी है। आर्चर की गति और डेथ ओवरों में उनकी सटीक लाइन-लेंथ राजस्थान के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है।
हैदराबाद का पलड़ा भारी, लेकिन राजस्थान को उम्मीद
हेड-टु-हेड आंकड़ों में सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 14 बार हैदराबाद ने जीत दर्ज की है, जबकि राजस्थान केवल नौ मुकाबले जीत सका है। खास बात यह है कि राजस्थान पिछले छह मैचों से हैदराबाद को नहीं हरा पाया है। टीम की आखिरी जीत अप्रैल 2023 में दर्ज हुई थी।
बल्लेबाजों की लिए मददगार पिच
मुल्लांपुर की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। यहां खेले गए पिछले तीन मुकाबलों में 200 से अधिक रन बने हैं। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे खिलाड़ियों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ सकता है। ऐसे में फिटनेस और दबाव झेलने की क्षमता भी मैच में अहम भूमिका निभाएगी।











