गर्मी, पसीना और धूल बढ़ा रहे स्किन की समस्या: बैक्टीरिया से फंगल इंफेक्शन की आशंका, इन घरेलू उपायों से तुरंत मिलेगी राहत

निवेदिता चंद|1 घंटा पहले
बैक्टीरिया से फंगल इंफेक्शन की आशंका,  इन घरेलू उपायों से तुरंत मिलेगी राहत

गर्मियों के मौसम में बढ़ता तापमान जहां लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करता है। वहीं त्वचा से जुड़ी कई समस्याओं का कारण भी बनता है। तेज धूप, अत्यधिक पसीना, धूल और उमस के चलते शरीर पर खुजली, जलन और रैशेज की शिकायत तेजी से बढ़ जाती है। कई लोगों को दिनभर त्वचा में असहजता महसूस होती है। जबकि कुछ मामलों में लगातार खुजलाने से त्वचा लाल पड़ जाती है। इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मी के मौसम में त्वचा की अतिरिक्त देखभाल जरूरी है। इस दौरान पसीने और बैक्टीरिया के कारण एलर्जी तथा फंगल इंफेक्शन की आशंका बढ़ जाती है।

एक्सपर्ट के अनुसार गर्मी में होने वाली खुजली के पीछे कई कारण हो सकते हैं। इनमें अत्यधिक पसीना आना, त्वचा का शुष्क होना, एलर्जिक प्रतिक्रिया, फंगल इंफेक्शन और त्वचा की संवेदनशीलता प्रमुख हैं। हालांकि सामान्य परिस्थितियों में कुछ घरेलू उपाय अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है। यही कारण है कि चिकित्सक भी स्किन को स्वच्छ और ठंडा बनाए रखने की सलाह देते हैं।

एलोवेरा और नारियल तेल से मिल सकती है राहत

स्किन एक्सपर्ट्स के अनुसार एलोवेरा प्राकृतिक रूप से त्वचा को ठंडक पहुंचाने का काम करता है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की जलन और खुजली को कम करने में मदद करते हैं। प्रभावित स्थान पर ताजा एलोवेरा जेल लगाने से त्वचा को आराम मिल सकता है। इसी तरह नारियल तेल भी त्वचा को नमी प्रदान करता है। यदि खुजली का कारण त्वचा का अत्यधिक रूखापन है तो नारियल तेल का हल्का प्रयोग लाभदायक साबित हो सकता है।

ठंडे पानी से स्नान और खीरे का उपयोग फायदेमंद

गर्मी के मौसम में नियमित रूप से ठंडे या सामान्य तापमान वाले पानी से स्नान करने से शरीर को राहत मिलती है। इससे त्वचा का तापमान नियंत्रित रहता है और खुजली की तीव्रता कम हो सकती है। इसके अलावा खीरे में मौजूद प्राकृतिक शीतलता त्वचा को आराम पहुंचाती है। खीरे के स्लाइस प्रभावित हिस्से पर रखने या उसका रस लगाने से जलन और खुजली में कमी आ सकती है।

नीम के पानी का प्रयोग भी असरदार

नीम को लंबे समय से त्वचा संबंधी समस्याओं के लिए उपयोगी माना जाता रहा है। इसमें एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण मौजूद होते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि नीम की पत्तियों को पानी में उबालकर उससे स्नान करने पर स्किन इंफेक्शन और खुजली की समस्या में राहत मिल सकती है। यह उपाय विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी माना जाता है। जिन्हें गर्मियों में बार-बार त्वचा संबंधी शिकायतें होती हैं।

कब लें डॉक्टर की सलाह?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि खुजली कई दिनों तक बनी रहे, त्वचा पर फफोले, घाव, सूजन या इंफेक्शन के लक्षण दिखाई दें तो केवल घरेलू उपायों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। ऐसी स्थिति में त्वचा रोग विशेषज्ञ से तुरंत परामर्श लेना आवश्यक है। समय पर उपचार मिलने से गंभीर इंफेक्शन और अन्य जटिलताओं से बचा जा सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स ने लोगों से गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पीने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और त्वचा को लंबे समय तक पसीने से बचाने की सलाह दी है। उनका कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से गर्मियों में त्वचा को स्वस्थ और सुरक्षित रखा जा सकता है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।