लंबी उम्र का राज है बीन्स: डाइट में शामिल करने से बढ़ती है 'लाइफ एक्सपेक्टेंसी', जानें इसके बेमिसाल फायदे

पोषक तत्वों से भरपूर बीन्स का स्वास्थ्य में विशेष महत्व है। यह न केवल स्वाद बढ़ाती है, बल्कि शरीर को कई स्वास्थ्य लाभ भी देती है। 'अमेरिकन सोसाइटी फॉर न्यूट्रिशन' की रिपोर्ट के अनुसार, बीन्स खाने से हमारी औसत उम्र लगभग चार साल तक बढ़ सकती है। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन, जिंक, पोटैशियम, फाइबर और आयरन पाया जाता है।
बीन्स कई प्रकार की होती हैं- जैसे लीमा बीन्स, काला चना, लोबिया, सोयाबीन, लाल राजमा, चित्रा राजमा, काबुली चना, नेवी बीन्स और फ्रेंच बीन्स आदि। इन्हें पहले भिगोया जाता है और फिर पकाकर खाया जाता है। यह पचने में आसान और पोषक तत्वों का भंडार होती हैं। प्रोटीन, मिनरल, फाइबर और विटामिन का सही संतुलन होने के कारण इसे 'सुपरफूड' भी कहा जाता है।
यदि आप रोजाना या हफ्ते में कम से कम तीन बार बीन्स को अपने आहार में शामिल करते हैं, तो यह आपकी जीवन प्रत्याशा बढ़ाने में सहायक हो सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि बीन्स में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाते हैं और शरीर को ऊर्जावान बनाए रखते हैं। यह हृदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है और रक्त में शुगर के स्तर को नियंत्रित करने में मदद करती है।
गट हेल्थ और हार्ट हेल्थ के लिए लाभदायक
विशेषज्ञों का मानना है कि बीन्स गट (आंत) और हार्ट हेल्थ के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसके नियमित सेवन से पाचन क्रिया सुचारू रहती है और हृदय स्वस्थ रहता है। बीन्स को आहार में शामिल करने से शरीर को पर्याप्त पोषण मिलता है। खासकर सर्दियों और बदलते मौसम के दौरान यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को बढ़ाने में मदद करती है।
बीन्स के अन्य स्वास्थ्य लाभ
बीन्स शरीर को फिट रखने में मदद करती है। इसके नियमित इस्तेमाल से वजन नियंत्रित रहता है और पाचन तंत्र मजबूत होता है। यह तनाव (Stress) को कम करने और मांसपेशियों को मजबूती देने में भी सहायक है। इसके सेवन से ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहता है, इम्यूनिटी मजबूत होती है और कैंसर का जोखिम भी कम हो जाता है।
ये लोग न करें बीन्स का सेवन
जरूरी नहीं कि बीन्स हर किसी को फायदा ही पहुंचाए। स्वास्थ्य संबंधी कुछ स्थितियों में इसका सेवन हानिकारक हो सकता है:
पाचन की समस्या
जिन्हें पेट की गंभीर समस्या हो, उन्हें इसका इस्तेमाल संभलकर करना चाहिए क्योंकि इसे पचाने में शरीर को अधिक समय लगता है।
इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम
जिन लोगों का पाचन तंत्र या आंतें ठीक से काम न कर रही हों, या जिन्हें पेट दर्द, गैस और मल त्याग में दिक्कत हो, उन्हें बीन्स से परहेज करना चाहिए।
किडनी स्टोन या किडनी की बीमारी किडनी से जुड़े मरीजों को इसका सेवन नहीं करना चाहिए। किडनी में बनने वाले छोटे कठोर पत्थर शरीर में कैल्शियम, यूरिक एसिड या अन्य खनिजों के जमा होने से बनते हैं। बीन्स में मौजूद कुछ तत्व इस समस्या को बढ़ा सकते हैं।
माइग्रेन की दिक्कत
जिन्हें माइग्रेन की समस्या हो, उन्हें भी बीन्स के सेवन से बचना चाहिए। बीन्स थोड़े कठोर होते हैं और इन्हें चबाने में दिमाग की नसों पर जोर पड़ता है, जिससे माइग्रेन का दर्द उभर सकता है।
ऐसे लोगों को बीन्स सीधे खाने के बजाय उसकी दाल, चाट या सलाद के रूप में (अच्छी तरह पकाकर) सीमित मात्रा में लेना चाहिए। भारत के कई राज्यों जैसे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तमिलनाडु में बीन्स की बड़े पैमाने पर खेती की जाती है। इसकी फलियों का उपयोग सब्जी के रूप में किया जाता है, जो स्वास्थ्य के साथ-साथ किसानों की आय के लिए भी लाभकारी है।











