मोतिहारी में होलसेल दुकान में लगी भीषण आग: भाई-बहन समेत तीन की जिंदा जलकर मौत, दो गैस सिलेंडर हुए ब्लास्ट

बिहार|09 मई 2026
भाई-बहन समेत तीन की जिंदा जलकर मौत, दो गैस सिलेंडर हुए ब्लास्ट

मोतिहारी जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ढाका प्रखंड के बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में स्थित एक होलसेल दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दो मंजिला इमारत आग के गोले में बदल गई। इस भयावह हादसे में दो मासूम बच्चों और एक कर्मचारी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दुकान मालिक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

घटना शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक दुकान से धुआं और आग की तेज लपटें निकलने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक आसमान में आग की रोशनी दिखाई दे रही थी। लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। दो मंजिला मकान के नीचे किराना और होलसेल की दुकान थी, जबकि ऊपर दुकान मालिक राजकुमार साह अपने परिवार के साथ रहते थे। आग लगते ही पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

भाई-बहन समेत तीन की जिंदा जलकर मौत, दो गैस सिलेंडर हुए ब्लास्ट

बच्चों को बचाने की कोशिश में बेबस पिता

स्थानीय चौकीदार बलराम प्रसाद यादव ने बताया कि वह रात में गांव में पहरा दे रहे थे। तभी उन्होंने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं और शोर मचाना शुरू किया। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की गर्मी इतनी ज्यादा थी कि सड़क पर खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। बताया गया कि दुकान मालिक राजकुमार साह आग में फंस गए थे। जान बचाने के लिए उन्होंने खिड़की तोड़ी और छत से छलांग लगा दी। नीचे खड़े एक ऑटो पर गिरने से उनकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राजकुमार साह ने अपने बच्चों को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग और धुएं के कारण वह अंदर नहीं जा सके। यह मंजर देखकर गांव के लोग भी भावुक हो गए।

भाई-बहन समेत कर्मचारी की दर्दनाक मौत

इस हादसे में राजकुमार साह के बेटे रुद्र (आठ), बेटी सृष्टि (10) और दुकान में काम करने वाले कर्मचारी प्रिंस कुमार की मौत हो गई। प्रिंस कुमार झरोखर थाना क्षेत्र के भंगहा गांव का रहने वाला था। तीनों पहली मंजिल पर सो रहे थे और आग की चपेट में आ गए। सुबह जब आग पर काबू पाया गया, तब तीनों की बॉडी बुरी हालत में बरामद की गई। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

भाई-बहन समेत तीन की जिंदा जलकर मौत, दो गैस सिलेंडर हुए ब्लास्ट

शादी से लौटने के अगले दिन हुआ हादसा

परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि राजकुमार साह की पत्नी नीरा गुप्ता अपने बच्चों के साथ रिश्तेदारी में शादी समारोह में गई थीं। आठ मई को राजकुमार अपने बेटे रुद्र और बेटी सृष्टि को लेकर वापस घर लौटे थे ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उनकी पत्नी छोटी बेटी के साथ अभी रिश्तेदारी में ही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि लौटने के कुछ घंटों बाद इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।

सिलेंडर और फ्रिज फटने से मची दहशत

ग्रामीणों के मुताबिक, आग लगने के कुछ देर बाद जोरदार धमाके भी हुए। घर में रखे दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गए। इसके अलावा फ्रिज फटने की भी आवाज सुनाई दी। धमाकों के बाद आग और तेजी से फैल गई। लोग दूर खड़े होकर सिर्फ आग की लपटें देखते रहे। स्थानीय निवासी सद्दाम ने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग इतनी ज्यादा थी कि उसे बुझाने में घंटों लग गए। कई बार पानी खत्म हो गया, जिसके बाद आसपास के घरों से टैंक भरकर आग बुझाई गई।

भाई-बहन समेत तीन की जिंदा जलकर मौत, दो गैस सिलेंडर हुए ब्लास्ट

सात घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की तीन बड़ी और तीन छोटी गाड़ियों को लगाया गया। करीब साढ़े सात घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो चुका था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, राजकुमार साह की यह दुकान इलाके की सबसे पुरानी दुकानों में से एक थी। करीब 40 साल पहले उनके पिता ने इस दुकान की शुरुआत की थी, जिसे बाद में राजकुमार ने बड़ा कारोबार बना दिया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच शुरू

प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, असली वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। सदर अस्पताल के डॉक्टर राकेश कुमार ने बताया कि घायल राजकुमार साह का चेहरा और हाथ गंभीर रूप से जल गए हैं। बर्न स्पेशलिस्ट की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।