फायरिंग प्रकरण में खान सर नहीं करेंगे सरेंडर: अग्रिम जमानत की तैयारी, वकील बोले- एफआईआर में तथ्यात्मक त्रुटियां

पटना|1 घंटा पहले
अग्रिम जमानत की तैयारी, वकील बोले- एफआईआर में तथ्यात्मक त्रुटियां

पटना में चर्चित कोचिंग संचालक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर से जुड़े फायरिंग प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में दर्ज एफआईआर के बाद खान सर के सरेंडर की अटकलों के बीच उनके अधिवक्ता ने स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल आत्मसमर्पण नहीं करेंगे। बचाव पक्ष का कहना है कि मामले में अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। पुलिस की ओर से दर्ज की गई एफआईआर तथ्यों पर आधारित नहीं है।

खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआर ने कहा कि उनके मुवक्किल का घटना में कोई प्रत्यक्ष हाथ नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जिस फायरिंग को लेकर मामला दर्ज किया गया है। उसमें खान सर की ओर से किसी को गोली चलाने का निर्देश नहीं दिया गया था। वकील के अनुसार, पुलिस ने जिन आरोपों को आधार बनाकर केस दर्ज किया है। उनकी न्यायिक समीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि शनिवार को अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने का समय समाप्त हो चुका था। इसलिए अब सोमवार को अदालत में याचिका दाखिल की जाएगी।

गार्ड्स की जमानत पर सोमवार को सुनवाई

मामले में गिरफ्तार किए गए खान सर के सुरक्षा कर्मियों प्रदीप और तारकेश्वर की ओर से भी जमानत याचिका दायर की गई है। यह याचिका प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत में दाखिल की गई है। जिस पर सोमवार को सुनवाई होने की संभावना है। दोनों सुरक्षा कर्मियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने बयान दिया था कि उन्हें फायरिंग करने के लिए प्रेरित किया गया था। इसी आधार पर खान सर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं बचाव पक्ष इन आरोपों को निराधार बताते हुए कानूनी लड़ाई की तैयारी में जुटा है।

कोचिंग परिसर के बाहर रातभर डटे रहे छात्र

घटना के बाद पुलिस की कई टीमें खान सर की कोचिंग और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचीं। जानकारी के अनुसार, पुलिस की पांच गाड़ियां अलग-अलग समय पर कोचिंग परिसर पहुंचीं। लेकिन खान सर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र भी कोचिंग के बाहर मौजूद रहे। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से छात्रों से घर लौटने की अपील करती रही। लेकिन समर्थक छात्र देर रात तक परिसर के आसपास डटे रहे। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी रही कि खान सर कोचिंग परिसर के भीतर ही मौजूद थे। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।

हमले और फायरिंग को लेकर जारी है विवाद

गौरतलब है कि दो जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर पर कथित हमला हुआ था। इस दौरान मारपीट और फायरिंग की घटना सामने आई थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। वहीं खान सर का कहना है कि सुरक्षा कर्मियों ने आत्मरक्षा और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कदम उठाया था। उन्होंने कहा कि घटना के समय हालात बेहद तनावपूर्ण थे। पुलिस के पहुंचने में समय लग रहा था। ऐसे में सुरक्षा कर्मियों ने परिस्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

छात्रों के बीच पहुंचे खान सर, फीस को लेकर भी दिया संदेश

घटनाक्रम के बीच खान सर का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वह छात्रों को संबोधित करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कथित हमले और उसके बाद की स्थिति पर अपनी बात रखी। साथ ही उन्होंने दावा किया कि यदि उनका संस्थान बंद हो गया तो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले अन्य संस्थानों की फीस में भारी वृद्धि हो सकती है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षा को सुलभ बनाना है, न कि केवल व्यावसायिक लाभ कमाना। वीडियो में वह छात्रों को घटना से जुड़े कुछ सीसीटीवी फुटेज भी दिखाते नजर आए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। फिलहाल पूरे प्रकरण पर सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली अदालत की सुनवाई और अग्रिम जमानत याचिका पर टिकी हैं। पुलिस जांच जारी है, जबकि बचाव पक्ष कानूनी मोर्चे पर अपनी तैयारी मजबूत कर रहा है। आने वाले दिनों में न्यायालय और जांच एजेंसियों की कार्रवाई इस बहुचर्चित मामले की दिशा तय करेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।