पटना में खान सर पर कानूनी शिकंजा: गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी; फायरिंग केस में हत्या की कोशिश का आरोप

पटना में चर्चित कोचिंग संचालक फैसल खान उर्फ ‘खान सर’ के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ हत्या की कोशिश (आइपीसी) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई कोचिंग परिसर में हुई फायरिंग से जुड़े वायरल वीडियो के आधार पर की गई है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। जबकि उनके वकील कोचिंग सेंटर पहुंच चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, दो जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग में कथित हमला हुआ था। जिसके दौरान उनके बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और पहले सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर जेल भेजा गया। अब पुलिस ने आगे की कार्रवाई में खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया है। साथ ही हथियारों की फॉरेंसिक जांच (FSL) भी कराई जा रही है।
खान सर का पक्ष: सेल्फ डिफेंस में हुई फायरिंग
इस पूरे मामले पर खान सर का कहना है कि उन्हें एफआईआर की पूरी जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे। उनका दावा है कि फायरिंग सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में की थी। क्योंकि कोचिंग परिसर में मारपीट और हमला हुआ था। उन्होंने कहा कि पुलिस को समय लग सकता था। इसलिए सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की।
वकील पहुंचे कोचिंग, जांच पर बढ़ा तनाव
कार्रवाई के बीच खान सर की कोचिंग संस्थान पर उनके वकील पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि परिसर में सुरक्षा और कानूनी स्थिति को लेकर लगातार गतिविधियां बढ़ रही हैं। एक स्कॉर्पियो वाहन के कवर में निकलने की भी चर्चा है। जिससे माहौल और संवेदनशील हो गया है। पुलिस भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बच्चों को संबोधित वीडियो, फीस विवाद पर बयान
इससे पहले खान सर का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें वे क्लासरूम में छात्रों को घटना की जानकारी देते हुए नजर आए। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज दिखाकर आरोप लगाया कि उनके गार्ड के साथ मारपीट की गई और उसे बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी कोचिंग बंद होती है तो अगले कुछ महीनों में फीस काफी बढ़ सकती है। उन्होंने इसे शिक्षा के व्यावसायीकरण से जोड़ते हुए अपनी मंशा को स्पष्ट किया।
छात्रों का प्रदर्शन और विरोध
दूसरी ओर, ज्ञान बिंदु जीएस अकादमी के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर हजारों छात्रों ने पटना में प्रदर्शन किया। छात्रों ने करगिल चौक पर कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की। कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा। लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस जांच तेज, आगे की कार्रवाई पर नजर
फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले में जांच तेज कर दी है और सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, इस मामले ने पटना के शिक्षा जगत में हलचल बढ़ा दी है। स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









