पटना में खान क्लासेस के बाहर बवाल: दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों में हिंसक झड़प, फायरिंग और पथराव से मचा हड़कंप

पटना|17 घंटे पहले
दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों में हिंसक झड़प, फायरिंग और पथराव से मचा हड़कंप

राजधानी पटना के शिक्षण केंद्र माने जाने वाले मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में बुधवार को अफरा-तफरी मच गई। खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर दो कोचिंग संस्थानों के छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के छात्रों और कथित असामाजिक तत्वों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग किए जाने की भी सूचना है। उपद्रव में खान क्लासेस के एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनके सिर में चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। जानकारी के मुताबिक, दोनों ओर से बड़ी संख्या में छात्र और अन्य लोग जुट गए। जिसके बाद पथराव शुरू हो गया। इस दौरान क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं। राहगीरों ने सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर खुद को बचाया। उपद्रव के दौरान खान क्लासेस के बाहर लगे बैनर और अन्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। लगातार निगरानी की जा रही है।

फायरिंग के आरोपों ने बढ़ाई गंभीरता

मामले को और गंभीर तब माना गया जब दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर फायरिंग करने का आरोप लगाया। कदमकुआं थाना पुलिस के अनुसार खान क्लासेस की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में दूसरे पक्ष पर गोली चलाने का आरोप लगाया गया है। वहीं ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों ने भी दावा किया है कि फायरिंग उनकी ओर नहीं, बल्कि दूसरी तरफ से की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि फायरिंग किस पक्ष की ओर से की गई थी। इसमें किन लोगों की भूमिका रही।

खान सर ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद शिक्षक खान सर ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी संस्था कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रही है। लगातार बेहतर परिणाम दे रही है। उनके अनुसार इसी कारण कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की। वहां फायरिंग भी की। खान सर ने कहा कि संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग पुलिस और प्रशासन को सौंप दी गई है। उन्होंने दावा किया कि घायल सुरक्षा गार्ड ने कुछ हमलावरों की पहचान भी की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से कोचिंग संस्थान और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई

घटना के बाद पटना के एसएसपी, नगर एसपी और कई थानों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायतों की जांच की जा रही है। उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट और हिंसक झड़प का प्रतीत होता है। घायल सुरक्षा गार्ड का इलाज कराया जा रहा है। उसके बयान के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।