देवरिया में आयुष्मान कार्ड अभियान पकड़ेगा रफ्तार: 38,736 श्रमिकों पर होगा फोकस, जल्द बनेगी फैमिली-फार्मर आईडी

जिले में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आयुष्मान कार्ड और फैमिली आईडी बनाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। विकास भवन के गांधी सभागार में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ काम करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
डीएम ने सोशल सेक्टर की योजनाओं के लिए मिले आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन कराने को कहा। पात्र पाए जाने वाले लोगों को तत्काल योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। सभी विकासखंडों में निर्धारित आयुष्मान कार्ड लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कराने की जिम्मेदारी बीडीओ और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को दी गई। जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत बीओसीडब्ल्यू में पंजीकृत 38,736 निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाने को कहा गया।
डीएम ने संयुक्त अभियान चलाने के दिए निर्देश
स्वास्थ्य, श्रम और ग्राम्य विकास विभाग को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। राजस्व, विकास और कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर फैमिली आईडी और फार्मर आईडी का काम जल्द पूरा कराने को कहा गया। पात्र किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए भी डीएम ने निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ राजेश कुमार सिंह, सीएमओ, डीडीओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










