देवरिया में खेलते समय कुएं में गिरी बच्ची की मौत: ग्रामीणों ने 5 घंटे चलाया रेस्क्यू, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

तरकुलवा थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में घर के पास खेल रही आठ वर्षीय बच्ची कुएं में गिर गई। बच्ची के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उसे बाहर निकालने के लिए करीब पांच घंटे तक रेस्क्यू की कोशिश चलती रही। रात करीब 11 बजे बच्ची को कुएं से बाहर निकाला जा सका।
वृंदावन निवासी कमलेश पासवान की बेटी सुहानी मंगलवार शाम घर के पास खेल रही थी। खेलते समय वह सुग्रीव के मकान के पास बने कुएं में गिर गई। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने उसे निकालने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद रात 11 बजे बच्ची को बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सीएचसी में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजन सुहानी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










