देवरिया में पाइपलाइन में मिला लीकेज: गड्ढे में जमा हुआ 50 लीटर पेट्रोल, फायर ब्रिगेड और सेफ्टी टीम ने संभाला मोर्चा

देवरिया|
गड्ढे में जमा हुआ 50 लीटर पेट्रोल, फायर ब्रिगेड और सेफ्टी टीम ने संभाला मोर्चा

देवरिया-गोरखपुर मुख्य मार्ग के किनारे बुधवार को पेट्रोल पाइपलाइन में रिसाव मिलने से एचपीसीएल डिपो प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद टीम ने मौके पर खोदाई कराकर रिसाव के स्रोत की जांच शुरू की। खोदाई के दौरान एक पाइपलाइन में लीकेज मिला। पाइपलाइन से रिसकर पेट्रोल गड्ढे में जमा होने लगा। कुछ ही समय में इसमें करीब 50 लीटर पेट्रोल एकत्र हो गया। कर्मचारियों ने मशीन और पाइप की मदद से पेट्रोल को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल रिसाव बंद हो गया है।

पाइपलाइन का हिस्सा सामने आने के बाद भी कुछ समय तक पेट्रोल रिसकर गड्ढे में पहुंचता रहा। कर्मचारियों ने स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए जमा पेट्रोल को बाहर निकाला। किसी तरह की आग या दुर्घटना की आशंका को देखते हुए रिसाव पूरी तरह बंद होने तक पाइपलाइन की तकनीकी जांच और मरम्मत का काम रोककर रखा गया। अधिकारियों के अनुसार, अब रिसाव थमने के बाद ही पाइपलाइन की तकनीकी स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद जरूरी मरम्मत की प्रक्रिया शुरू होगी।

मौके पर पहुंचा फायर ब्रिगेड

घटना के बाद एचपीसीएल डिपो के कर्मचारी अग्निशमन उपकरणों के साथ मौके पर तैनात रहे। देवरिया से अग्निशमन दल भी घटनास्थल पर पहुंचा। सेफ्टी ऑफिसर अतुल कुमार की निगरानी में खोदाई, पेट्रोल निकालने और सुरक्षा से जुड़े सभी काम कराए गए। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कर्मचारी लगातार पेट्रोल पाइपलाइन और आसपास के क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं, ताकि दोबारा रिसाव होने या किसी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

तकनीकी जांच में सामने आएगा रिसाव का कारण

डिपो प्रबंधक विकास चंद्रा ने बताया कि पाइपलाइन की तकनीकी जांच कर रिसाव के वास्तविक कारण का पता लगाया जाएगा। जांच के निष्कर्ष के आधार पर जरूरी मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल पेट्रोल का रिसाव बंद है और घटनास्थल पर सुरक्षा दल को सतर्क रखा गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।