गाजियाबाद में झाड़ू कवर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग: चार गाड़ियों के साथ पहुंचे दमकलकर्मी, कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

गाजियाबाद के पांडवनगर में बुधवार सुबह एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने करीब 50 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से फैक्ट्री में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
गाजियाबाद के पांडवनगर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित झाड़ू के कवर बनाने वाली एक फैक्ट्री में बुधवार की सुबह लगभग आठ बजे शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस हादसे में फैक्ट्री के निचले हिस्से में रखीं कीमती मशीनें और लाखों रुपये का कच्चा माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग कविनगर निवासी प्रशांत अग्रवाल की पांडवनगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित 'प्राइड एंटरप्राइजेज' नामक फैक्ट्री में लगी, जहाँ झाड़ू के कवर और अन्य सामान का निर्माण होता है।
सूचना पर पहुंचे एफएसओ
सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से फायर स्टेशन ऑफिसर चार दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने पानी और केमिकल फोम का इस्तेमाल कर करीब 50 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग की भीषणता के कारण फैक्ट्री की पहली मंजिल पर लगा टीनशेड अचानक नीचे गिर गया। गनीमत रही कि वहां मौजूद दमकल कर्मी इसकी चपेट में आने से बच गए।
हताहत की सूचना नही
आग लगते ही फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे तीन चार कर्मचारी तुरंत सुरक्षित बाहर निकल आए थे। हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या चोट लगने की खबर नहीं है। एसएफओ राहुल पाल के अनुसार, समय रहते आग बुझा लेने से आग आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक नहीं फैल सकी। फिलहाल फायर विभाग आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।










