गाजियाबाद में थार ने पीआरवी को मारी टक्कर: बाइक सवार होमगार्ड की मौत, कांस्टेबल का चल रहा इलाज

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार लाल रंग की महिंद्रा थार ने डायल-112 की पीआरवी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे होमगार्ड जवान कपिल कुमार (40 वर्ष) की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कांस्टेबल प्रवीण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए
नोएडा के सेक्टर-63 थाने में तैनात कांस्टेबल प्रवीण और होमगार्ड कपिल कुमार डायल-112 पर मिली एक शिकायत के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी-2 की तरफ जा रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही उनकी पीआरवी बाइक बहरामपुर पुलिस चौकी के पास पहुंची, लापरवाही से आ रही तेज रफ्तार थार ने उन्हें रौंद दिया। दोनों घायलों को तुरंत पास के एसजेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान होमगार्ड कपिल कुमार ने दम तोड़ दिया। कांस्टेबल प्रवीण का इलाज अभी जारी है।
नशे की हालत में चला रहा था थार
पुलिस जांच के अनुसार, थार चला रहा युवक कपड़ा व्यापारी है। जिसका नाम सोनू गुलाटी है। जो नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसा क्रासिंग रिब्पलिक थाना क्षेत्र में हुआ है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
गाजियाबाद के पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल के मुताबिक, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू गुलाटी को गिरफ्तार कर लिया है और दुर्घटनाग्रस्त थार गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है। घायल कांस्टेबल प्रवीण कुमार की शिकायत पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










