गाजियाबाद में फैक्ट्री में लगी भीषण आग: गत्ते से रोल बनाने का होता था काम, मौके पर पहुंची दमकल की सात गाड़ियां

बुलंदशहर रोड के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एविनिक्स डिजाइन कॉन्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस फैक्ट्री में गत्ते से रोल बनाने का काम किया जाता था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दमकल की सात गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि फैक्ट्री में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।
हादसा गाजियाबाद के बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया के प्लॉट नंबर सी-87/1 में गुरुवार तड़के करीब 1:11 बजे हुआ। आग लगने की प्राथमिक वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही हैं। आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी।
बीए सेट पहनकर अंदर लिया प्रवेश
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में कोतवाली, वैशाली और साहिबाबाद फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। फैक्ट्री के तीन तरफ अन्य फैक्ट्रियां होने और अंदर भीषण धुआं भरने के कारण दमकलकर्मियों को काफी परेशानी हुई। जवानों ने ब्रीदिंग एपरेटस सेट पहनकर अंदर प्रवेश किया और दो होज पाइप लाइनों की मदद से आग बुझाई।










