गाजियाबाद में मछली से भरी डीसीएम पलटी: राहगीरों ने मछलियों को बटोरने की शुरू की को​शिश, टायर फटने से हुआ हादसा

गाजियाबाद|
राहगीरों ने मछलियों को बटोरने की शुरू की को​शिश, टायर फटने से हुआ हादसा

वेव सिटी थाना क्षेत्र के सामने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली की गाजीपुर मंडी से मेरठ की तरफ जा रही मछलियों से लदी एक तेज रफ्तार डीसीएम का अचानक पिछला टायर फट गया। टायर फटते ही गाड़ी पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और जोरदार झटके के साथ डिवाइडर से टकराकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। इस हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रही एक कार भी पलट चुकी डीसीएम से टकरा गई, जिससे वह भी पलट गई। गनीमत यह रही कि कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

गाड़ी पलटते ही उसमें रखीं हजारों मछलियां एक्सप्रेसवे की सड़क पर काफी दूर तक बिखर गईं। पानी न होने और तेज धूप के कारण सैकड़ों मछलियां सड़क पर ही तड़पने लगीं। इस अजीबोगरीब नजारे को देखने के लिए सड़क पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे, तो वहीं कुछ युवकों ने सड़क पर बिखरी मछलियों को बटोरने की कोशिश शुरू कर दी।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सबसे पहले मछलियां लूटने की कोशिश कर रहे लोगों को पीछे खदेड़ा और सुरक्षा घेरा बनाया। बीच एक्सप्रेसवे पर दो गाड़ियों के पलटने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया था और लंबा जाम लगने लगा था।

क्रेन की मदद से वाहनों को किनारे किया गया

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत नेशनल हाईवे अथॉरिटी की क्रेन को मौके पर बुलाया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम और कार को रास्ते से हटाकर किनारे किया गया। इसके बाद सड़क की सफाई कराकर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से चालू कराया जा सका।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।