गाजियाबाद में ब्रिज पर लहूलुहान हालत में मिला शव: युवक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट, शव की नहीं हो सकी शिनाख्त

सिटी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिल्ली-हापुड़ रोड एनएच नाइन पर सुंदरदीप कॉलेज और होटल के सामने बने फुट ओवर ब्रिज पर गुरुवार सुबह एक युवक का लहूलुहान शव पड़ा मिला। सुबह के समय जब स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राएं और राहगीर वहां से गुजरे, तो खून से लथपथ शव को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वेव सिटी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच और फोरेंसिक टीम के मुआयने में सामने आया है कि मृतक युवक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास है। हमलावरों ने युवक के चेहरे और सिर पर किसी भारी चीज या ईंट-पत्थर से बेरहमी से प्रहार किए थे, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास से फिलहाल ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के इलाकों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल कर शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए वेव सिटी की एसीपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांज कर रही है। घटना स्थल और फुट ओवर ब्रिज के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां तक कैसे पहुंचा और इस वारदात को किसने अंजाम दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










