गोरखपुर समेत पूर्वांचल और बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात: रेलवे मंत्रालय ने अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की दी मंजूरी, सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष रखा था प्रस्ताव

गोरखपुर समेत पूर्वांचल और बिहार के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रेलवे मंत्रालय ने गुजरात के भुज से बिहार के बरौनी के बीच एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। यह नई ट्रेन गोरखपुर रेलवे स्टेशन होते हुए गुजरेगी, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार के लाखों प्रवासियों और आम यात्रियों को सीधे तौर पर बड़ी राहत मिलेगी।
इस ट्रेन के संचालन के लिए गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर इसकी पुरजोर मांग की थी। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही इस जरूरत को देखते हुए केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है।
रेल कनेक्टिविटी के लिए किए जा रहे काम
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेलवे के आधुनिकीकरण, विस्तार और यात्री सुविधाओं को निरंतर प्राथमिकता दी जा रही है। अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूर्वांचल और बिहार जैसे क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
सांसद ने व्यक्त किया आभार
सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्वांचल एवं बिहार के यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए भुज–बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात दी है। यह ट्रेन गोरखपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।उन्होंने कहा, “गोरखपुरवासियों और पूर्वांचल-बिहार के यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार एवं धन्यवाद। यह सौगात क्षेत्र के लाखों यात्रियों के लिए सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी का माध्यम बनेगी।
जनता के मुद्दों को उठाना हमारी जिम्मेदारी हैं
रवि किशन शुक्ला ने कहा कि गोरखपुर की जनता की सुविधाओं एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ केंद्र सरकार के समक्ष उठाना उनकी निरंतर प्रतिबद्धता है। ट्रेनों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए भारतीय रेलवे ने NER के वाराणसी मंडल में 614.75 किलोमीटर रेल मार्ग पर ‘कवच 4.0’ लगाने की मंजूरी दी है। इस परियोजना पर करीब 223 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके साथ ही वाराणसी मंडल के उन रेलखंडों में भी स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम का विस्तार होगा। जहां अभी इसका काम बाकी है।










