गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड में सस्पेंड थानाध्यक्ष बहाल: 19 दिन बाद खत्म हुआ निलंबन, भभुआ चौकी की मिली जिम्मेदारी

गोंडा|
19 दिन बाद खत्म हुआ निलंबन, भभुआ चौकी की मिली जिम्मेदारी

जिले के चर्चित विनोद साहनी हत्याकांड के बाद निलंबित किए गए परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी की 19 दिन बाद बहाली हो गई। एसपी अभिषेक झा ने मंगलवार रात करीब 11:30 बजे बहाली का आदेश जारी किया। इसके साथ ही उन्हें कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र की भभुआ पुलिस चौकी का प्रभारी भी बनाया गया है। बहाली और नई तैनाती के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

नौ सितंबर को विनोद साहनी हत्याकांड के बाद 10 सितंबर को लखनऊ में केजीएमयू पोस्टमार्टम हाउस के बाहर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद धरने पर बैठे थे। उन्होंने परसपुर थानाध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निलंबन की मांग की थी। इसके बाद एसपी ने कमल शंकर चतुर्वेदी को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए थे। प्रदर्शन के दौरान मंत्री की थानाध्यक्ष से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इस दौरान मंत्री ने कथित तौर पर उन्हें ‘बदमाश’ कहा था।

मंत्री पक्ष बोला- बहाली एसपी के अधिकार क्षेत्र का मामला

बहाली के बाद उठे सवालों के बीच मंत्री के मीडिया प्रतिनिधि राजीव यादव ने कहा कि विभागीय मामला एसपी के अधिकार क्षेत्र में आता है। घटना के समय मंत्री ने जो मांग की थी, उसके आधार पर कार्रवाई हो चुकी थी। मौजूदा फैसले से मंत्री का कोई सीधा सरोकार नहीं है। वहीं पुलिस विभाग ने बहाली और नई तैनाती को प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा बताया है।

तीन निरीक्षकों को मिली नई जिम्मेदारी

एसपी अभिषेक झा ने मंगलवार देर रात चार पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक पवन कुमार वर्मा को मनकापुर थाने का अतिरिक्त निरीक्षक बनाया गया। निरीक्षक श्रवण कुमार वर्मा को कोतवाली देहात में अतिरिक्त निरीक्षक की जिम्मेदारी मिली। कर्नलगंज थाने के अतिरिक्त निरीक्षक रामाशंकर राय को खरगूपुर थाने में अतिरिक्त निरीक्षक बनाया गया। एसपी ने सभी अधिकारियों को पारदर्शी तरीके से काम करने और फरियादियों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना और भ्रष्टाचार में संलिप्तता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।