गोरखपुर में निवेश के नाम पर 13 लाख की ठगी: अश्लील एआई वीडियो की दी धमकी, ऑनलाइन मिला था 20 फीसदी मुनाफे का प्रस्ताव

गोरखपुर|17 घंटे पहले
अश्लील एआई वीडियो की दी धमकी, ऑनलाइन मिला था 20 फीसदी मुनाफे का प्रस्ताव

शहर के एक व्यक्ति से होटल-रेस्टोरेंट कारोबार में निवेश के नाम पर 13.22 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुणे निवासी व्यक्ति ने 20 प्रतिशत मुनाफे का भरोसा देकर रकम निवेश कराई, लेकिन न कारोबार शुरू किया और न ही पैसा लौटाया। उल्टा रकम मांगने पर गाली-गलौज की गई। एआई तकनीक से फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। कोर्ट के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उरुवा क्षेत्र के पिपरा पांडेय निवासी विनीत कुमार पांडेय ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वर्ष 2024 में पुणे के विमान नगर निवासी आकाश प्रकाश खतवानी ने उनसे ऑनलाइन संपर्क किया। आरोपी ने बताया कि वह हॉस्पिटैलिटी एचआईवीबी एलएलपी नाम से कंपनी बना रहा है, जो होटल, मोटल, रिसॉर्ट और फूड रेस्टोरेंट का संचालन करेगी। उसने दावा किया कि कंपनी गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में अपना विस्तार करना चाहती है और निवेश करने पर 20 प्रतिशत तक लाभ मिलेगा।

मई से अगस्त के बीच ट्रांसफर की रकम

शिकायत के अनुसार, आरोपी के भरोसे में आकर विनीत ने मई 2024 से अगस्त 2024 के बीच अपने माता-पिता के बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से कुल 13.22 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि इसके अलावा कुछ नकद रकम भी आरोपी को दी गई। काफी समय बीतने के बाद भी न कंपनी का रजिस्ट्रेशन हुआ और न ही किसी प्रकार का व्यवसाय शुरू किया गया।

कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी मुकर गया। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से गाली-गलौज की गई और एआई की मदद से फर्जी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने आकाश प्रकाश खतवानी, प्रकाश श्रीचंद खतवानी और विजयंती खतवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।