गोरखपुर एम्स में 15 नए डॉक्टर नियुक्त: न्यूरो सर्जरी से ट्रामा विभागों को मिलेगा सपोर्ट, कई प्रमुख विभागों में हुई डॉक्टरों की तैनाती

एम्स गोरखपुर में चिकित्सकीय सेवाओं को मजबूत करने के लिए 15 डॉक्टरों का चयन किया गया है। फैकल्टी पदों पर भर्ती के लिए हुए साक्षात्कार का परिणाम जारी कर दिया गया है। संस्थान ने चयनित चिकित्सकों के साथ प्रतीक्षा सूची भी जारी की है। किसी चयनित डॉक्टर के ज्वाइन नहीं करने की स्थिति में संबंधित रिक्त पद पर प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थी को मौका दिया जाएगा। हालांकि नियुक्ति की अंतिम प्रक्रिया चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता और मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही पूरी होगी।
कार्यकारी निदेशक डॉ. विभा दत्ता के अनुसार एनेस्थीसिया विभाग में सहायक प्रोफेसर पद पर डॉ. मैनाक बैद्य और डॉ. दीपक कुमार निराला चयनित हुए हैं, जबकि डॉ. नूतन को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। न्यूरो सर्जरी में डॉ. अभिषेक कुमार और डॉ. प्रदीप कुमार का चयन हुआ है। इस विभाग में दो अभ्यर्थी प्रतीक्षा सूची में हैं। नेत्र रोग विभाग में अतिरिक्त प्रोफेसर पद पर डॉ. अलका त्रिपाठी, आर्थोपेडिक्स में एसोसिएट प्रोफेसर पद पर डॉ. आनंद कुमार सिंह और पीडियाट्रिक्स में अतिरिक्त प्रोफेसर पद पर डॉ. अजीत कुमार यादव चयनित हुए हैं।
ट्रामा और सर्जिकल विभागों में भी चयन
पल्मोनरी मेडिसिन में डॉ. संदीप कुमार को सहायक प्रोफेसर पद पर चयनित किया गया है। रेडियोथेरेपी में डॉ. विश्वदीप मिश्रा का चयन हुआ है, जबकि डॉ. हरिकेश बहादुर सिंह प्रतीक्षा सूची में हैं। सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी में डॉ. अजय कुमार यादव, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में डॉ. विपुल गोयल, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन में डॉ. अरुण एम और ट्रामा एंड इमरजेंसी में डॉ. नम्रता माथुर व डॉ. आलोक का चयन हुआ है। फॉरेंसिक मेडिसिन, जनरल मेडिसिन, पैथोलॉजी (नियमित) और पैथोलॉजी (संविदा) के कुछ पदों पर कोई अभ्यर्थी उपयुक्त नहीं पाया गया। संविदा भर्ती में मनोरोग विभाग में डॉ. मोहिता जोशी का चयन हुआ है, जबकि डॉ. मोहम्मद राशिद आलम को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है।











