गोरखपुर में विदेश में नौकरी के नाम पर ठगे 2.21 लाख: फर्जी वीजा-टिकट देकर आरोपी फरार, पुलिस ने किया अरेस्ट

गोरखपुर|12 अगस्त 2026
फर्जी वीजा-टिकट देकर आरोपी फरार, पुलिस ने किया अरेस्ट

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक से 2.21 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने लीबिया और जॉर्डन में नौकरी लगवाने का भरोसा देकर सिद्धार्थनगर निवासी युवक से रकम ली। कई दिनों तक उसे नौकरी के नाम पर घुमाने के बाद कूटरचित वीजा और एयर टिकट थमा दिया। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर युवक को फर्जीवाड़े का पता चला। शिकायत के बाद शाहपुर पुलिस ने बिहार निवासी आरोपी धनंजय सिंह को अरेस्ट कर जेल भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के सिवान स्थित ताड़ी बाजार, हरनाथपुर निवासी धनंजय सिंह के रूप में हुई है। वह पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर के मंगोलपुरी ब्लॉक में भी ठिकाना बनाकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, दिल्ली में रहकर वह बेरोजगार युवकों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देता था और उनसे रकम वसूलता था। मामला शाहपुर थाना क्षेत्र का है।

अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का दिलाया भरोसा

सिद्धार्थनगर निवासी रविशंकर मिश्रा ने 28 फरवरी 2026 को शाहपुर थाने में धनंजय सिंह के खिलाफ तहरीर दी थी। रविशंकर नौकरी की तलाश में शहर आया था। इसी दौरान एक परिचित के जरिए उसकी मुलाकात धनंजय से हुई। आरोप है कि धनंजय ने विदेश में अच्छे पैकेज पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। अपनी बातों से उसने रविशंकर को विश्वास में ले लिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में उससे 2.21 लाख रुपये ले लिए।

जान से मारने की दी धमकी

रकम लेने के बाद धनंजय कई दिनों तक उसे नौकरी लगवाने के नाम पर टालता रहा। जब रविशंकर उससे बार-बार संपर्क कर पैसे वापस मांगने लगा तो आरोपी ने उसे बुलाया और कूटरचित वीजा और एयर टिकट दे दिया। रविशंकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा तो जांच के दौरान उसे पता चला कि वीजा और टिकट दोनों फर्जी हैं। इसके बाद उसने धनंजय को फोन कर रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर धनंजय ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घर जाने पर उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने दबोचा

इसके बाद रविशंकर ने शाहपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने धनंजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। शाहपुर क्षेत्र से आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। शाहपुर थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभी एक शिकायत मिली है। इसी के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अन्य शिकायतें सामने आती हैं तो उनके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।