45 लाख के गहनों की हेराफेरी: असली आभूषणों की जगह रखे गए नकली गहने, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

गोरखपुर|
असली आभूषणों की जगह रखे गए नकली गहने, कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज

शहर के एक ज्वेलरी शोरूम से करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि शोरूम के गोदाम में लंबे समय से असली आभूषणों की जगह हूबहू डिजाइन वाले नकली गहने रखकर हेराफेरी की जा रही थी। मामले का खुलासा स्टॉक सत्यापन के दौरान हुआ। शोरूम संचालक ने कर्मचारियों की भूमिका पर संदेह जताया है। संचालक ने साजिश के तहत चोरी किए जाने की आशंका व्यक्त की है। कोर्ट के आदेश पर कैंट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सूरजकुंड कॉलोनी निवासी राजेश कुमार बालानी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी मेसर्स सान्वी ज्वेलर्स के नाम से क्रॉस रोड मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर दुकान संचालित है। 12 मार्च 2026 को गोदाम में रखे आभूषणों का स्टॉक मिलान किया जा रहा था। इसी दौरान कई कीमती गहनों की जगह नकली आभूषण रखे मिले। जांच में सामने आया कि सोने की चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके और हीरे के अन्य आभूषण गायब हैं। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है।

कर्मचारियों की भूमिका पर संदेह

शोरूम संचालक के अनुसार, शोरूम में सात कर्मचारी कार्यरत हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद सभी से पूछताछ की गई। लेकिन किसी ने भी मामले की जानकारी होने से इनकार कर दिया। उनका मानना है कि कर्मचारियों में से किसी एक या एक से अधिक लोगों ने बाहरी व्यक्तियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से इस हेराफेरी को अंजाम दिया है। चोरी को छिपाने के लिए असली गहनों के स्थान पर नकली गहने रख दिए गए थे। जिससे लंबे समय तक किसी को शक न हो।

पुलिस ने दर्ज किया केस

राजेश बालानी का आरोप है कि उन्होंने पहले स्थानीय पुलिस और सीनियर अधिकारियों से शिकायत की थी। लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के निर्देश पर कैंट थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।