रामगढ़ताल में आधी रात हुड़दंग: पुलिस से उलझे 8 युवक अरेस्ट, दो कारें सीज

गोरखपुर|1 घंटा पहले
पुलिस से उलझे 8 युवक अरेस्ट, दो कारें सीज

रामगढ़ताल क्षेत्र में रात लक्जरी वाहनों से पहुंचे युवकों का सड़क पर हुड़दंग भारी पड़ गया। नौकायन पुलिस चौकी के पास बीच सड़क पर वाहन खड़े कर शोर-शराबा और राहगीरों से विवाद करने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ युवकों को अरेस्ट कर लिया। हालांकि, मौके का फायदा उठाकर कुछ अन्य युवक फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों में शामिल विपिन कन्नौजिया उर्फ सुल्तान का पुलिस हिरासत में भी बेफिक्र होकर हंसना चर्चा का विषय बना रहा।

पुलिस के अनुसार 24 जून की रात नौकायन चौकी के पास कुछ युवक फॉर्च्यूनर समेत तीन वाहनों से पहुंचे थे। उन्होंने बीच सड़क पर वाहन खड़े कर हंगामा शुरू कर दिया। इससे राहगीरों को परेशानी होने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवकों को हटाने का प्रयास किया। लेकिन वे पुलिसकर्मियों से ही बहस करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ युवकों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। वहीं, उनके कब्जे से मिली दो कारों को भी सीज कर दिया गया।

इन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरफ्तार युवकों की पहचान बांसगांव के बैदौली बाबू निवासी विपिन कन्नौजिया उर्फ सुल्तान, राहुल कन्नौजिया, कुशीनगर के बरवा जंगल निवासी आदित्य शर्मा, तुर्कपट्टी के छहूं निवासी यश सिंह, देवरिया के महुआडीह भटनी दादन गांव निवासी सोनू गौतम, खलीलाबाद निवासी सचिन, विवेक शर्मा और प्रमोद यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य युवक मौके से भागने में सफल रहे।

पहले भी विवादों में रह चुका है सुल्तान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विपिन कन्नौजिया उर्फ सुल्तान के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई केस दर्ज हैं। वह अपने गिरोह का संचालन करता है। पूछताछ के दौरान भी उसका व्यवहार सामान्य नहीं था और वह लगातार हंसता रहा। इससे पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करीब दो वर्ष पहले सर्किट हाउस के पास हुई चर्चित फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। वर्ष 2024 में रामगढ़ताल पुलिस ने उसे जेएसआर गार्डेन से अवैध असलहे के साथ रील बनाते हुए गिरफ्तार किया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।