गोरखपुर से संचालित होंगी 87 समर स्पेशल ट्रेनें: 1757 फेरों में यात्रियों को राहत, ‘रेल वन’ ऐप से टिकट बुकिंग आसान

गोरखपुर|
1757 फेरों में यात्रियों को राहत, ‘रेल वन’ ऐप से टिकट बुकिंग आसान

गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने बड़ी पहल करते हुए गोरखपुर से 87 समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। ये ट्रेनें कुल 1,757 फेरों में चलाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को सफर में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर से देश के प्रमुख शहरों के लिए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें नई दिल्ली के लिए 52 फेरे, कोलकाता के लिए 6, लालकुआं के लिए 28, बांद्रा टर्मिनस के लिए 26, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के लिए 60, गुवाहाटी (नारंगी) के लिए 18, योग नगरी ऋषिकेश के लिए 26, हैदराबाद के लिए 8 और वडोदरा के लिए 36 फेरे शामिल हैं।

देश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इन ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को मुम्बई, पुणे, नई दिल्ली, कोलकाता, आसनसोल, हैदराबाद, राजकोट, अम्बाला, वलसाड, वडोदरा, जम्मूतवी, गुवाहाटी, योग नगरी ऋषिकेश, सूरत और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है।

‘रेल वन’ ऐप से टिकट बुकिंग में सुविधा

यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने ‘रेल वन’ सुपर ऐप लांच किया है। इस ऐप के जरिए यात्रियों को ट्रेनों से संबंधित सभी जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल रही है। अब यात्री आरक्षित टिकट के साथ-साथ जनरल (अनारक्षित) टिकट भी ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

रेलवे बोर्ड ने ‘रेल वन’ ऐप में मोबाइल यूटीएस ऐप को भी मर्ज कर दिया है, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया और आसान हो गई है। जनरल टिकट की ऑनलाइन बुकिंग पर तीन प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।

डिजिटल भुगतान पर विशेष रियायत

रेलवे ने यात्रियों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहित करते हुए 14 जुलाई 2026 तक किराये के डिजिटल भुगतान पर तीन प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। यात्री अपने मोबाइल के प्ले स्टोर से ‘रेल वन सुपर ऐप’ डाउनलोड कर सकते हैं और आइआरसीटीसी यूजर आईडी से लॉगिन कर सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

वार रूम से 24 घंटे निगरानी

यात्रियों की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए रेलवे ने गोरखपुर मुख्यालय के साथ-साथ लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल में विशेष वार रूम स्थापित किए हैं। इन वार रूम में अधिकारी और कर्मचारी 24 घंटे ट्रेनों और स्टेशनों की निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।