पत्नी से नजदीकी के शक में की अभिषेक की हत्या: पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्तों संग दिया हत्याकांड को अंजाम, पुलिस से बचने के लिए मिलिट्री कट बाल कटवाकर बदल लिया था हुलिया

गोरखपुर|06 मार्च 2026
पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्तों संग दिया हत्याकांड को अंजाम, पुलिस से बचने के लिए मिलिट्री कट बाल कटवाकर बदल लिया था हुलिया

गीडा क्षेत्र के नौसढ़ निवासी अभिषेक सिंह की बीते छह फरवरी को हत्या कर दी गई थी। अभिषेक के दोस्तों ने पार्टी के बहाने बुलाकर यह वारदात की। घटना के मुख्य आरोपी निखिल गौड़ गोलू उर्फ रितिक को गीडा थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने मिलिट्री कट बाल कटवाकर अपना हुलिया बदल लिया था।

बीते सात फरवरी को अभिषेक का शव पेवनपुर गांव के सिवान में मिला था। हत्यारों ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या की थी। 10वीं में पढ़ने वाले अभिषेक के शरीर पर चाकू के 35 निशान मिले थे। इस मामले में दो आरोपियों को गीडा पुलिस ने चार दिन पहले गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया था।

पत्नी से नजदीकी का था संदेह

निखिल को संदेह था कि अभिषेक की उसकी पत्नी के नजदीकी है, इसी संदेह में उसने पार्टी के बहाने साथ ले जाकर हत्या कर दी। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। एसपी उत्तरी ने बताया कि छह फरवरी की शाम अभिषेक सिंह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। पिता विजय सिंह व परिवार के अन्य सदस्यों ने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन फोन नहीं उठा। अगले दिन सात फरवरी को उसका शव पेवनपुर गांव के सिवान में मिला।

पवन और विजय पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चाकू से वार कर हत्या की पुष्टि हुई। घटना के बाद दर्ज मुकदमे की विवेचना में पवन कुमार, विजय और निखिल कुमार गौड़ का नाम सामने आया। जांच में स्पष्ट हुआ कि निखिल को संदेह था कि अभिषेक उसकी पत्नी से बात करता है। इसी रंजिश में छह फरवरी को पार्टी के बहाने अभिषेक को अपने साथ पेवनपुर गांव के सिवान में पार्टी करने के बहाने ले गया जहां साथियों संग मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने शाहपुर के आवास विकास कालोनी में रहने वाले पवन व उसके भाई विजय को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया।

रेलवे स्टेशन से हुई गिरफ्तारी

पुलिस से बचने के लिए निखिल ने अपना बाल कटवाने के साथ ही हुलिया बदल लिया था। उसे सर्विलांस की मदद से शुक्रवार की सुबह गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार किया गया। आरोपित के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बाइक व मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।