शादी का झांसा देकर युवती से शोषण करने का आरोप: दबाव बनाकर कराया गर्भपात, आरोपी ने की 10 लाख रुपये की मांग

गोरखपुर|1 घंटा पहले
दबाव बनाकर कराया गर्भपात, आरोपी ने की 10 लाख रुपये की मांग

शाहपुर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती ने युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने, गर्भपात कराने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और विवाह के नाम पर रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर शाहपुर पुलिस ने गुलरिहा क्षेत्र निवासी एक युवक सहित उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उसके माता-पिता का काफी पहले निधन हो चुका है। घर के पास रहने वाले युवक के रिश्तेदारों के माध्यम से उसकी पहचान विक्रम चौहान से हुई थी। जान-पहचान बढ़ने के बाद युवक ने उससे विवाह करने की इच्छा जताई। भरोसा दिलाया कि शादी के बाद वह उसे अपने घर में पत्नी के रूप में रखेगा। युवती का आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर युवक ने उसके साथ संबंध बनाए और लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। तहरीर में कहा गया है कि 15 सितंबर 2025 को आरोपी उसे एक मंदिर ले गया। जहां उसने उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का दावा किया। इसके बाद दोनों के बीच पति-पत्नी जैसा संबंध स्थापित हुआ। युवती का आरोप है कि शादी का भरोसा देकर युवक लगातार उसके साथ संबंध बनाता रहा। जब भी उसे अपने घर ले जाने की बात होती, वह कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था।

गर्भधारण के बाद बदल गया रवैया

युवती का कहना है कि लगातार संबंधों के दौरान वह गर्भवती हो गई। जब उसने इसकी जानकारी युवक को दी तो उसका व्यवहार बदलने लगा। आरोप है कि युवक ने दबाव बनाकर उसे दवा खिलाई। जिससे गर्भपात हो गया। पीड़िता ने इसे जबरन कराया गया गर्भपात बताया है। इसके बाद उसने विवाह और साथ रखने की मांग तेज कर दी। आरोपी और उसके परिजन उसे लगातार टालते रहे। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। उसी के आधार पर उसे डराने-धमकाने का प्रयास करता था। शिकायत के अनुसार, घर ले जाने की बात पर आरोपी पक्ष ने 10 लाख रुपये की मांग की। रकम न देने पर वीडियो वायरल करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पहले भी हुआ था समझौता

युवती के अनुसार, उसने इससे पहले पादरी बाजार पुलिस चौकी में भी शिकायत की थी। उस समय दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी। आरोपी ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया। घर ले जाने का आश्वासन दिया था। हालांकि कुछ समय बाद वह अपने वादे से पीछे हट गया। संबंध स्वीकार करने से इंकार करने लगा।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

शाहपुर थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पीड़िता की एप्लीकेशन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अखंड प्रताप सिंह को सौंपी गई है। पुलिस सभी आरोपों की तथ्यात्मक जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।