प्यार का झांसा, फिर लूट और धमकी: गहने-नकदी हड़पने वाला आरोपी अरेस्ट, विक्टिम को कर रहा था ब्लैकमेल

गोरखपुर|1 घंटा पहले
गहने-नकदी हड़पने वाला आरोपी अरेस्ट, विक्टिम को कर रहा था ब्लैकमेल

गोरखनाथ थाना क्षेत्र में एक युवती को प्रेमजाल में फंसाकर लाखों रुपये के गहने तथा नकदी हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवक को महाराजगंज जिले के नौतनवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बना रहा था और विरोध करने पर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महाराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र स्थित बरनहवा चकद गांव निवासी अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह फिलहाल गोरखनाथ थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में रह रहा था। गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभिषेक ने पहले उससे दोस्ती की और फिर प्रेम संबंध का हवाला देकर मानसिक रूप से दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़िता लगातार देता था धमकी

पीड़िता के अनुसार आरोपी उसे लगातार डराता-धमकाता था और पिता तथा भाई को गोली मारने की धमकी देता था। युवती ने आरोप लगाया कि अभिषेक उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बना रहा था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने भय का माहौल बनाकर उससे घर के गहने और नकदी मंगवा लिए। युवती के मुताबिक आरोपी ने उसके पास से सोने की चैन, मां का मंगलसूत्र, टीका, नथिया, चांदी की पायल, दो जोड़ी झुमके और चार जोड़ी पायल ले लिए। इसके अलावा करीब 40 हजार रुपये नकद भी अपने कब्जे में कर लिए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने भावनात्मक और मानसिक दबाव बनाकर उससे यह सामान हासिल किया।

सर्विलांस की मदद से नौतनवा से हुई गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और उसे नौतनवा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन भी बरामद किया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह मोबाइल भी युवती के पैसों से खरीदा गया था।

आरोपों के आधार पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गोरखनाथ पुलिस का कहना है कि पीड़िता की सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है तथा आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।