गोरखपुर में आर्थक सिंह गैंग पर लगा गैंगस्टर एक्ट: मां का मुंह दबाकर जड़े थे थप्पड़, घर पर चढ़कर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

गोरखपुर|19 मई 2026
मां का मुंह दबाकर जड़े थे थप्पड़, घर पर चढ़कर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग

कोतवाली थाना क्षेत्र में छात्र नेता के घर फायरिंग और मारपीट के मामले में शातिर आरोपी आर्थक सिंह और उसके गैंग के चार सदस्यों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। इलाके में दहशत फैलाकर अपना प्रभाव कायम करना चाहता था। गैंग के खिलाफ अब अवैध संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मान रहा है।

पुलिस के अनुसार 20 फरवरी की रात आर्थक सिंह अपने साथियों के साथ अलीनगर उत्तरी मोहल्ले में रहने वाले छात्र नेता उज्ज्वल यादव के घर पहुंचा था। आरोपी फॉर्च्यूनर गाड़ी से आए थे और घर के बाहर खड़े होकर छात्र नेता को जान से मारने की धमकी देने लगे। जब उज्ज्वल की मां संध्या यादव ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनका मुंह दबाकर थप्पड़ मारे और अभद्रता की। इसके बाद आरोपियों ने अवैध पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

24 घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को अरेस्ट कर लिया था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले से ही गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग लीडर आर्थक सिंह पर गोरखपुर और कुशीनगर में कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी महेश चौधरी, आलोक सिंह और सैफ अली पर भी हत्या की कोशिश, मारपीट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क लगातार फैल रहा था, इसलिए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई जरूरी थी।

बर्थडे पार्टी में बनी थी हमले की साजिश

जांच में सामने आया कि 19 फरवरी को आर्थक सिंह के जन्मदिन पर शराब पार्टी के दौरान छात्र नेता उज्ज्वल यादव के खिलाफ हमला करने की योजना बनाई गई थी। पार्टी में मौजूद अनीश शुक्ला ने उज्ज्वल से अपनी दुश्मनी का जिक्र किया। जिसके बाद सभी ने मिलकर फायरिंग की साजिश रची। अगले दिन आरोपी दोबारा पार्टी करने के बाद छात्र नेता के घर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, हमले से पहले आरोपियों ने अपनी लक्जरी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर दी थी, ताकि जरूरत पड़ने पर आसानी से फरार हो सकें।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली पूरी सच्चाई

वायरल सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक तमंचा लेकर घर के बाहर पहुंचता है और कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ लौटकर फायरिंग शुरू कर देता है। गोली की आवाज सुनकर जब छात्र नेता की मां बाहर आती हैं तो आरोपी उनके साथ मारपीट करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। फुटेज में आरोपी पिस्टल लहराते हुए गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले को मजबूत किया गया है।

गैंग की अवैध संपत्तियों की होगी जांच

कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के साथ ही अब आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध के जरिए अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें