गोरखपुर में पुरानी रंजिश में परिवार पर हमला: दरवाजा तोड़कर घर में घुसे दबंग, नकदी और जेवर लेकर फरार

गोरखपुर|36 मिनट पहले
दरवाजा तोड़कर घर में घुसे दबंग, नकदी और जेवर लेकर फरार

गीडा थाना क्षेत्र के बनगांवा छोटका पुरवा गांव में शुक्रवार तड़के पुरानी रंजिश को लेकर 12 से अधिक लोगों पर एक परिवार के घर में घुसकर हमला करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ की। परिवार के कई सदस्यों को लाठी-डंडों से पीटा और 1.35 लाख रुपये नकद समेत सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना में घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

बनगांवा छोटका पुरवा गांव निवासी अखिलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे पुरानी रंजिश के चलते गांव के 12 से अधिक लोग उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि पहले सभी ने घर के बाहर गाली-गलौज की। पीड़ित के विरोध करने पर दरवाजा तोड़कर जबरन भीतर घुस गए। पीड़ित के अनुसार हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और अन्य हथियार थे। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

महिला सहित कई लोग घायल

पीड़ित पक्ष के मुताबिक हमले में अखिलेश की पत्नी सुनीता देवी, उनके बुजुर्ग माता-पिता तथा दो भाइयों समेत परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। मारपीट के दौरान सुनीता देवी के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ। वहीं, अन्य लोगों को भी चोटें आईं। घटना के समय अखिलेश घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो आरोप है कि भाग रहे हमलावरों ने उन्हें भी रास्ते में रोककर जान से मारने की धमकी दी।

घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज किया रेफर

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने घर के दरवाजों और खिड़कियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद अलमारी और बक्सों की तलाशी लेकर करीब 1.35 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, चेन और झुमके अपने साथ ले गए। घटना के बाद गांव के लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहजनवा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से मिथिलेश और अन्य गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।

18 नामजद समेत कई के खिलाफ शिकायत

पीड़ित अखिलेश ने गीडा थाने में 18 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। गीडा थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार केस दर्ज कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।