सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट परिसर में सीएनजी ऑपरेटर पर हमला: पेशी के दौरान की मारपीट, 20 लोगों पर केस दर्ज

सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान सीएनजी पंप ऑपरेटर पर कथित हमले का मामला सामने आया है। जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। कैंट पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी राहुल शर्मा समेत करीब 20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात कही जा रही है। जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मूल रूप से गाजीपुर निवासी राहुल यादव गोरखनाथ क्षेत्र के राजेंद्रनगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर सीएनजी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं। 24 मई को सीएनजी भराने के दौरान लाइन तोड़ने को लेकर उनका रामनगर चौराहा निवासी राहुल शर्मा से विवाद हो गया था। आरोप है कि राहुल शर्मा ने नियमों की अनदेखी कर अपना वाहन आगे लगाने का प्रयास किया। जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। घटना के बाद गोरखनाथ पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग की कार्रवाई में चालान कर दिया था।
सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई घटना
पीड़ित राहुल यादव का आरोप है कि 26 मई को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी के दौरान शाम करीब 4:45 बजे राहुल शर्मा अपने कई साथियों के साथ परिसर में पहुंचा। पुलिसकर्मियों तथा न्यायालय कर्मियों की मौजूदगी में उस पर हमला कर दिया। मारपीट में वह घायल हो गया। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना कोर्ट परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। जिससे हमलावरों की पहचान स्पष्ट हो सकती है।
साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कराया जा रहा है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।











