निजी अस्पताल के एचआर मैनेजर पर हमला: पांच नकाबपोशों ने घेरकर की मारपीट, ड्यूटी से घर लौट रहा था युवक

गोरखपुर|13 जून 2026
पांच नकाबपोशों ने घेरकर की मारपीट, ड्यूटी से घर लौट रहा था युवक

पीपीगंज क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के एचआर मैनेजर पर हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे एचआर मैनेजर को रास्ते में पांच नकाबपोश युवकों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को इलाज के लिए उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वह कार्यरत हैं। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने और आरोपियों की पहचान करने में लगी हुई है।

घायल धीरज गुप्ता, सहजनवा निवासी जय प्रकाश गुप्ता के पुत्र हैं। पिछले एक वर्ष से भगवानपुर स्थित आर्टिमिस हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में एचआर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में वह पीपीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो में किराए के मकान में रहते हैं। धीरज के अनुसार, वह रोज की तरह अस्पताल से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान पीपीगंज और भगवानपुर के बीच सुनसान स्थान पर पांच नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

गंभीर चोटें, अस्पताल में चल रहा उपचार

हमले में धीरज गुप्ता के हाथ की उंगलियों समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल आर्टिमिस हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। हालांकि चोटों के कारण उन्हें कुछ दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।

अस्पताल के कर्मचारियों पर जताया शक

धीरज गुप्ता ने आशंका जताई है कि इस हमले के पीछे अस्पताल के कुछ कर्मचारियों की भूमिका हो सकती है। उनका कहना है कि अस्पताल में अनुशासन बनाए रखने, मेडिकल स्टोर से जुड़ी अनियमितताओं पर निगरानी रखने और सख्त कार्यशैली के कारण कुछ लोग उनसे नाराज थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें पहले कई बार धमकियां दी जा चुकी थीं। पुलिस का कहना है कि अभी तक औपचारिक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जाएगी। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।