गोरखपुर में छात्रा से ऑटो चालक ने की छेड़छाड़: पीड़िता की मां की तहरीर पर केस दर्ज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गोरखपुर|
पीड़िता की मां की तहरीर पर केस दर्ज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

शहर में एक निजी स्कूल की कक्षा छह की छात्रा से ऑटो चालक द्वारा कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल से लौटते समय चालक ने अन्य बच्चों को उनके घर छोड़ने के बाद छात्रा को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ अभद्र हरकत की। विरोध करने पर उसे गाली दी गई और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घर पहुंचकर छात्रा ने पूरी घटना अपनी मां को बताई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता की मां के अनुसार, उनकी 12 वर्षीय बेटी शहर के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा छह की छात्रा है और प्रतिदिन ऑटो से स्कूल आती-जाती है। शुक्रवार को वह सामान्य समय से कुछ देर बाद घर पहुंची। पूछने पर वह घबरा गई और रोने लगी। काफी समझाने के बाद छात्रा ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो चालक ने पहले सभी बच्चों को उनके घर छोड़ा। इसके बाद वह स्पोर्ट्स कॉलेज के पास एक सुनसान जगह पर ऑटो ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती बैड टच किया। छात्रा ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की तो चालक ने गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए कहा।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की जानकारी मिलने पर छात्रा की मां ने चिलुआताल थाने में तहरीर दी। पुलिस ने नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपी ऑटो चालक प्रदीप पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने उम्र और भरोसे के कारण बेटी को उसके साथ स्कूल भेजना शुरू किया था, लेकिन चालक ने उस विश्वास को तोड़ दिया।

महिला उपनिरीक्षक कर रही विवेचना

क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक ब्यूटी सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।