BJP नेता के भाई पर मारपीट का आरोप: चेन की सीकड़ लेकर महिला के परिवार पर किया हमला, जमीन विवाद को लेकर बढ़ा तनाव

गोरखपुर|1 घंटा पहले
चेन की सीकड़ लेकर महिला के परिवार पर किया हमला, जमीन विवाद को लेकर बढ़ा तनाव

तिवारीपुर थाना क्षेत्र स्थित अंधियारीबाग इलाके में दबंगई और मारपीट का एक मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि एक युवक ने हाथ में चेन की सीकड़ लेकर एक महिला और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमला करने वाला युवक एक BJP नेता का भाई है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। वहीं, पीड़ित परिवार ने खुद को असुरक्षित बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इसके अलावा मौके पर मौजूद परिवार के कुछ लोगों ने भी घटना का वीडियो बनाया है। वीडियो में एक युवक आक्रामक अंदाज में दिखाई दे रहा है। पीड़ित महिला नीलम सोनकर का आरोप है कि आरोपी पक्ष काफी समय से उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। विरोध करने पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि परिवार को पहले भी कई बार धमकियां दी जा चुकी हैं।

नगर निगम की कार्रवाई के दौरान शुरू हुआ विवाद

नीलम सोनकर के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नगर निगम की टीम नाले पर रखे स्लैब को हटाने के लिए उनके इलाके में पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी युवक उनके घर के सामने आ गया। आरोप है कि उसने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगा। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। कुछ ही देर में आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने अचानक चेन की सीकड़ उठाई और परिवार के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला सहित अन्य परिजनों के साथ मारपीट की गई। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

शिकायत के बाद भी नहीं हो सका समाधान

नीलम सोनकर का कहना है कि यह विवाद नया नहीं है, बल्कि काफी समय से चला आ रहा है। उनके अनुसार, आरोपी और उसका परिवार उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इसी कारण बार-बार विवाद की स्थिति पैदा की जाती है और परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को लेकर पहले भी कई बार थाने में शिकायत की गई। लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

मामले की जांच कर रही पुलिस

पीड़ित परिवार का कहना है कि समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपी पक्ष के हौसले बढ़ते गए। नीलम सोनकर ने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। वह जेल भी जा चुका है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।