सोनौली से पकड़ा गया ब्रिटिश नागरिक पहुंचा तिहाड़: दिल्ली में भी दर्ज है मुकदमा, अदालत ने 29 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा

गोरखपुर|
दिल्ली में भी दर्ज है मुकदमा, अदालत ने 29 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा

भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली से पकड़े गए ब्रिटिश नागरिक जॉर्डन को अब दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। पटियाला हाउस कोर्ट ने उसे 29 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में रखने का आदेश दिया है। जॉर्डन को 11 जुलाई 2026 को सोनौली सीमा पर बिना वीजा-पासपोर्ट नेपाल जाने की कोशिश करते समय एसएसबी की 22वीं वाहिनी ने पकड़ा था। उसके खिलाफ सोनौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज है, जिसकी सुनवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महराजगंज की अदालत में चल रही है। मामले में अगली सुनवाई 28 सितंबर को मुकेश यादव की कोर्ट में होनी है।

गिरफ्तारी के बाद जॉर्डन को महराजगंज जिला कारागार में रखा गया था। जेल में उपद्रव की स्थिति बनने के बाद 29 जुलाई को उसे गोरखपुर जिला कारागार स्थानांतरित किया गया। इसी दौरान दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट थाने से जॉर्डन को पेश करने का आदेश गोरखपुर जेल प्रशासन को मिला। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आईजीआई एयरपोर्ट थाने में उसके खिलाफ थाईलैंड से ब्रिटेन डिपोर्ट किए जाने के दौरान फरार होने का मुकदमा दर्ज है। दिल्ली की विशेष टीम भी उसकी तलाश कर चुकी थी।

13 सितंबर को दिल्ली ले गई पुलिस

गोरखपुर कारागार प्रशासन को 13 सितंबर को कोर्ट का पत्र मिला। इसके बाद जॉर्डन को दिल्ली ले जाया गया। 16 सितंबर को आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे तिहाड़ जेल भेजने का आदेश दिया। इस कार्रवाई के बाद जॉर्डन दिल्ली के मामले में भी न्यायिक हिरासत में है।

थाईलैंड से ब्रिटेन डिपोर्ट होने के दौरान भागा था

जांच के मुताबिक जॉर्डन अक्टूबर 2025 में आईजीआई एयरपोर्ट, नई दिल्ली से फरार हुआ था। 29 अक्टूबर को उसे थाईलैंड से ब्रिटेन डिपोर्ट किया जा रहा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर ब्रिटेन के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने से पहले वह थाईलैंड पुलिस और एयरपोर्ट की निगरानी से निकल गया था। इस मामले में एयरपोर्ट अथॉरिटी की तहरीर पर 31 अक्टूबर 2025 को आईजीआई एयरपोर्ट थाने में आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम तथा फॉरेनर्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

कई एजेंसियां तलाशती रहीं, सोनौली में मिला

जॉर्डन की तलाश में दिल्ली स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, सीआईएसएफ, इंटेलिजेंस ब्यूरो और ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन की टीमें जुटी थीं। जून 2026 में इन टीमों ने आईजीआई एयरपोर्ट थाने को रिपोर्ट दी थी कि देश में जॉर्डन की तलाश पूरी कर ली गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके करीब एक महीने बाद 11 जुलाई को वह सोनौली सीमा पर पकड़ा गया। पूछताछ के बाद बिना वीजा-पासपोर्ट भारतीय सीमा से नेपाल में प्रवेश की कोशिश के आरोप में सोनौली कोतवाली में आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।