भाई की हत्या का मुख्य आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर: तीन दिन तक पुलिस को देता रहा चकमा, भाई के सीने में मारी थी गोली

पिपराइच के जंगल धूषण बड़की रेतवहिया गांव में एक सनसनीखेज वारदात हुई थी। यहां मां के ब्रह्मभोज के दिन छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी दुर्गविजय शर्मा ने सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। लेकिन आरोपी लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा। तीन दिन बाद उसके कोर्ट में सरेंडर करने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार नौ जून को मां की तेरहवीं और ब्रह्मभोज कार्यक्रम के दौरान परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहा विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। मृतक सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) और उसके बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दुर्गविजय ने तमंचा निकालकर शुभम के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही शुभम जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संपत्ति और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती रही खाई
ग्रामीणों के अनुसार परिवार में संपत्ति को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। मृतक के पिता कोमल शर्मा की जमीन और पारिवारिक संपत्ति को लेकर कई बार विवाद हो चुका था। बताया जाता है कि बड़े भाई दुर्गविजय को आशंका थी कि पिता अपनी संपत्ति छोटे बेटे शुभम के नाम कर सकते हैं। इसी कारण वर्षों से परिवार दो हिस्सों में बंटा हुआ था। शुभम की हाल ही में सगाई हुई थी। कई पारिवारिक कार्यक्रमों में दुर्गविजय को आमंत्रित नहीं किया गया था। जिससे नाराजगी और बढ़ गई थी।
अंतिम संस्कार के दौरान भी हुआ विरोध प्रदर्शन
हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। अंतिम संस्कार के लिए जाते समय लोगों ने रास्ते में प्रदर्शन भी किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










