गोरखपुर में मां की तेरहवीं पर खूनी संघर्ष: बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली, एक माह पहले हुई थी सगाई

पिपराइच थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। जहां मां की तेरहवीं के कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव की है। वारदात के बाद पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, परिवार की मुखिया सावित्री देवी का 16 दिन पहले निधन हो गया था। मंगलवार को उनका ब्रह्मभोज और तेरहवीं संस्कार आयोजित किया गया था। परिवार के चारों भाइयों ने मिलकर कार्यक्रम की तैयारी की थी। लेकिन आयोजन के खर्च और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी दौरान बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा पर गोली चला दी।
सीने में गोली लगने से हुई मौत
गोली शुभम के सीने में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, वारदात के बाद मझले भाई ने गुस्से में आरोपी की स्कूटी पर फावड़े से हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश में तीन टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अगले वर्ष होनी थी शादी
मृतक शुभम शर्मा पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था। परिवार और रिश्तेदारों के अनुसार उसकी सगाई मई महीने में गोरखनाथ मंदिर में संपन्न हुई थी। फरवरी 2027 में उसकी शादी तय थी। युवक की असामयिक मौत से खुशियों से भरा परिवार अचानक शोक में डूब गया। घटना की जानकारी मिलने पर उसकी मंगेतर भी गांव पहुंची। जहां वह दहाड़ मारकर रोने लगी। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
आरोपी की तलाश जारी
ग्रामीणों का कहना है कि मां के ब्रह्मभोज जैसे धार्मिक आयोजन में ऐसी घटना की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। परिवार पहले से ही मां के निधन के दुख से उबर नहीं पाया था। अब छोटे बेटे की हत्या ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। उधर, आरोपी की पत्नी की भी घटना के बाद तबीयत बिगड़ गई। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









